चार दिन बैनामा, नकल, मुआयना, भार मुक्त प्रमाणपत्र व अन्य दस्तावेज पंजीकरण कार्य बंद रहेगा। स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग के ऑनलाइन पोर्टल का रखरखाव और डाटा दूसरे सर्वर पर स्थानांतरित किए जाने से काम प्रभावित होगा।
आगरा सदर सहित सभी तहसीलों में स्थित निबंधन कार्यालयों में शनिवार से मंगलवार तक चार दिन बैनामा, नकल, मुआयना, भार मुक्त प्रमाणपत्र व अन्य दस्तावेज पंजीकरण कार्य बंद रहेगा। स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग के ऑनलाइन पोर्टल का रखरखाव और डाटा दूसरे सर्वर पर स्थानांतरित किए जाने से काम प्रभावित होगा।
विज्ञापन
जिले में 10 निबंधन कार्यालय हैं। रोज औसतन 200 से 250 बैनामा पंजीकृत होते हैं। सहायक महानिरीक्षक निबंधक योगेश कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय सूचना विज्ञापन केंद्र (एनआईसी) द्वारा स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग के मेघराज क्लाउड सर्वर से सभी तरह का डाटा राष्ट्रीय सर्वर नेशनल गवर्नमेंट क्लाउड (एनजीसी) पर स्थानांतरित किया जा रहा है। मेघराज क्लाउड सर्वर पर अत्यधिक ट्रैफिक बढ़ने से सर्वर बार-बार हैंग हो रहा था। इस वजह से पक्षकारों को बैनामा पंजीकरण, नकल, मुआयना व भार मुक्त प्रमाणपत्र के लिए ऑनलाइन शुल्क जमा कराने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शासन ने विभागीय पोर्टल के सर्वर को राष्ट्रीय सर्वर से जोड़ने के निर्देश दिए हैं।
शनिवार 8 नवंबर से मंगलवार 11 नवंबर तक यह कार्य चलेगा। इस दौरान सभी उप निबंधक कार्यालयों में बैनामा पंजीकरण कार्य बंद रहेगा। 8 से 11 नवंबर तक पक्षकारों को निबंधन कार्यालय आने की जरूरत नहीं है, लेकिन सभी कर्मचारी व अधिकारी कार्यालय आएंगे। विभागीय कार्यों के साथ नए सर्वर की टेस्टिंग करेंगे। इस संबंध में महानिरीक्षक निबंधन नेहा शर्मा ने आदेश जारी किए हैं। सदर तहसील बार एसोसिएशन के महासचिव अरविंद दुबे का कहना है कि चार दिनों तक पक्षकार, अधिवक्ता और दस्तावेज लेखक प्रभावित होंगे। सर्वर पर डाटा स्थानांतरण के दौरान मैनुअल कार्य या वैकल्पिक व्यवस्था होनी चाहिए।