स्मार्ट सिटी आगरा में लोहामंडी वार्ड के तोता का ताल खटीक मोहल्ले की हालत देख कोई भी हैरान रह जाएगा। सीवर लाइन डालने के बाद जल निगम इस मोहल्ले को भूल गया, जिसके बाद यहां के लोग टूटी-फूटी गलियों से गुजर रहे हैं। इतना ही नहीं इस क्षेत्र में कूड़ा न उठने से गंदगी का अंबार लगा हुआ है।
आगरा के लोहामंडी के तोता का ताल स्थित खटीक मोहल्ले में ढाई माह पहले सीवर लाइन डालकर सड़क को वैसे ही छोड़ दिया गया। इससे दलदल और गड्ढे हो गए। कई बार शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हुई, जिससे लोग परेशान हैं। मंगलवार को पार्षद ने क्षेत्रीय लोगों के साथ धरना दिया, तब टीम पहुंची।
विज्ञापन
लोहामंडी के खटीक मोहल्ला में जल निगम ने सीवर लाइन डालकर सड़क को ठीक नहीं किया। उसे खोदी हालत में ही छोड़ दिया। मोहल्ले के राकेश ने बताया कि सड़क में गड्ढे और जलनिकासी नहीं होने से दलदल हो गया। पैदल निकलना मुश्किल है। क्षेत्रीय पार्षद शरद चौहान ने बताया कि जल निगम के अधिकारियों को कई बार मौखिक व लिखित शिकायत की। सड़क ठीक कराने के लिए कहा लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
मंगलवार को पार्षद शरद चौहान खटीक मोहल्ले में ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने बताया कि सड़क ठीक नहीं होने से कूड़ा उठान भी नहीं हो रहा है। मोहल्ले में पांच घरों में शादियां हैं। पार्षद के धरने पर बैठने के बाद शाम को जल निगम की टीम ने सड़क निर्माण के लिए टीम भेजी। पार्षद ने बताया कि बुधवार से सड़क निर्माण का आश्वासन देकर धरना समाप्त करवाया गया है।