टूंडला। नगला सिंघी थाने में तैनात दरोगा और अवैध खनन करने वाले व्यक्ति के बीच की बातचीत का ऑडियो वायरल होने के बाद जांच करते हुए सीओ अभिषेक श्रीवास्तव ने कार्रवाई की संस्तुति कर दी है। सीओ ने अपनी जांच रिपोर्ट एसएसपी को सौंपी है।
गत रविवार को सोशल मीडिया पर एक दरोगा व खनन माफिया के बीच हुई बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ था। ऑडियो में रुपयों के लेन-देन को लेकर दोनों के बीच बातचीत हो रही थी। मामला संज्ञान में आने के बाद सीओ अभिषेक श्रीवास्तव ने ऑडियो में दारोगा की बातचीत होने की पुष्टि करते हुए कार्रवाई की संस्तुति कर जांच रिपोर्ट एसएसपी भेज दी है।
घटना से माना जा रहा है कि थाना क्षेत्र में मिट्टी व बालू का अवैध खनन चल रहा है। इस अवैध खनन में मात्र उक्त दरोगा ही शामिल नहीं है, अपितु थाने के अन्य पुलिसकर्मी भी संलिप्त हैं, इसकी भी जांच की जा रही है। साथ ही अवैध खनन करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। सीओ का कहना है कि अवैध खनन किसी भी सूरत में नहीं होने दिया जायेगा। जो भी संलिप्त होगा उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
वायरल ऑडियो में खनन माफिया और दरोगा के बीच हुई बातचीत में आवाज पहचानी गई है। फिर भी ऑडियो की भी फोरेंसिंक जांच कराई जाएगी। पृथम दृष्टया कार्रवाई की संस्तुति कर एसएसपी को सौंप दी गई है। -अभिषेक श्रीवास्तव, पुलिस क्षेत्राधिकारी, टूंडला