मैनपुरी। शासन के आदेश पर 15 अप्रैल से सभी राशन कार्ड धारकों को निशुल्क प्रति यूनिट पांच किलो चावल उपलब्ध कराया जाना है। ऐसे में सामाजिक दूरी का पालन कराना प्रशासन के लिए चुनौती है। जिला पूर्ति अधिकारी यूआर खान ने जिलाधिकारी के आदेश पर टोकन व्यवस्था लागू की है। इसके तहत सभी ग्राहकों को 14 अप्रैल की शाम तक डीलरों को टोकन जारी करने के आदेश दिए गए हैं।
वितरण में भी थोड़ा बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था के तहत जिन राशन कार्ड के नंबर शून्य, एक और दो से समाप्त हो रहे हैं उन्हें 15 अप्रैल को, तीन, चार व पांच से खत्म होने वाले राशन कार्ड धारकों को 16 अप्रैल को, पांच, छह व सात से खत्म होने वाले राशन कार्ड धारकों को 17 अप्रैल को और आठ व नौ से खत्म होने वाले राशन कार्ड व छूटे हुए लोगों को 18 अप्रैल को राशन का वितरण होगा। जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी डीलरों को सामाजिक दूरी का पालन कराने और सैनिटाइजेशन की व्यवस्था कराने के आदेश दिए हैं।