फिरोजाबाद जनपद में थाना रसूलपुर के नया रसूलपुर निवासी राशन दुकानदार संतोष कुमार की राशन वितरण के दौरान तबियत खराब हो गई। परिजन उपचार को जिला अस्पताल लाए। डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राशन डीलर की मौत होने के कारण सोमवार को ऑल इंडिया फेयर प्राइज शॉप डीलर्स एसोसिएशन ने राशन वितरण कार्य ठप रखा। जिला प्रशासन से राशन डीलरों को 50 लाख का बीमा कराने के साथ अन्य सुविधाएं मुहैया कराए जाने की मांग की है।
नया रसूलपुर गली नं. पांच निवासी संतोष कुमार पुत्र रामचंद्र ऑल इंडिया फेयर प्राइज शॉप डीलर्स एसोसिएशन के महानगर अध्यक्ष थे। उनकी राशन की दुकान नया रसूलपुर में ही संचालित करते थे। संतोष कुमार के परिजनों की मानें तो राशन वितरण के दौरान 16 मई को तबियत खराब हुई थी। क्षेत्रीय चिकित्सक से दवा ले ली थी। लेकिन 17 मई को तबियत खराब होती गई।
झटकाः ईद के 150 करोड़ के कारोबार पर 'लॉकडाउन', सभी तरह की सप्लाई ठप
बुखार के साथ सांस लेने में दिक्कत होने लगी थी। परिजन उपचार को जिला अस्पताल लाए लेकिन यहां उपचार के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। राशन डीलर की मौत हो जाने के कारण ऑल इंडिया फेयर प्राइज शॉप डीलर्स एसोसिएशन के आह्वान पर सोमवार को जिले के राशन दुकानदारों ने राशन सामिग्री का वितरण ठप रखा।
एसोसिएशन ने 50 लाख बीमा करने की मांग
एसोसिएशन ने जिलाधिकारी से मांग की है कि राशन डीलरों को 50 लाख की बीमा कराया जाए। सैनिटाइजर के साथ मास्क एवं सुरक्षा के लिहाज से किट दुकानदारों को मुहैया कराई जाए। ताकि राशन के बांटते समय इस तरह की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़े।
अन्यथा की स्थिति में राशन सामिग्री का वितरण करना संभव नहीं होगा। मांग करने वालों में लाला पचौरी, सतीश दिवाकर, सुरेश शर्मा, महीपाल सिंह,सतीश ठेकेदार, मोहम्मद सलीम, मोहम्मद शमीम, पिंकी यादव, मातादीन यादव, नेम सिंह, गौरव यादव,अतुल दिवाकर, राकेश कुमार,कैलाश बघेल आदि शामिल थे।