01एमएनपी-11-शहर के मोहल्ला भरतवाल में राशन डीलर की दुकान पर लगी लाइन
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। कोरोना वायरस के चलते हुए लॉकडाउन में राहत देने के लिए एक अप्रैल से राशन वितरण के आदेश दिए गए थे। इसमें राशन डीलरों केा सामाजिक दूरी का पालन करने और हाथ सैनिटाइज कराने के लिए कहा गया था। बुधवार को जब वितरण हुआ तो कहीं नियमों का पालन करते हुए राशन डीलर ने वितरण कराया तो कहीं नियमों की अनदेखी की गई। शहरी क्षेत्र में नियमों की अनदेखी अधिक सामने आई।
दृश्य एक: मोहल्ला भरतवाल
शहर के मोहल्ला भरतवाल में राशन डीलर दीपक की दुकान पर सुबह से लंबी लाइन लग गई थी। यहां ग्राहक एक दूसरे से सटे हुए लाइन में लगे थे। सैनिटाइजर भी रखा था लेकिन हाथ साफ नहीं कराए गए। फ्लैश के चमकते ही फिर लोगों के हाथ साफ कराए गए।
---
दृश्य दो: आलीपुर खेड़ा
विकास खंड सुल्तानगंज के गांव आलीपुर खेड़ा में बुधवार को राशन वितरण चल रहा था। यहां सभी ग्राहकों को एक-एक मीटर की दूरी पर बैठाया गया। वहीं लोगों के ई-पॉश मशीन पर अंगूठा लगवाने से पहले हाथ भी धुलवाए गए।
दृश्य तीन: सहकारी संघ, किशनी
किशनी के सहकारी संघ स्थित राशन की दुकान पर भी राशन वितरण के दौरान नियमों का पालन किया गया। यहां लोगों को दूर-दूर खड़ा किया गया। इससे काफी दूर तक लाइन लग गई। हाथ साफ कराने के लिए यहां पानी और साबुन की व्यवस्था की गई थी।
दृश्य चार: छोटा बाजार भोगांव।
भोगांव के छोटा बाजार स्थित राशन की दुकान पर वितरण के लिए पूरी व्यवस्था की गई थी। यहां उप जिलाधिकारी सुधीर कुमार ने अपनी मौजूदगी में राशन वितरण शुरू कराया। लोगों को एक मीटर दूर खड़ा करके वितरण से पूर्व सैनिटाइजर से हाथ भी साफ कराए गए।
वर्जन
सभी डीलरों को निर्देश दिए गए थे कि वे लोगों को एक मीटर दूर खड़ा करके उनके हाथ साफ कराने की भी व्यवस्था करें। अगर कहीं नियमों की अनदेखी हुई तो सुधार कराया जाएगा।
यूआर खान, जिला पूर्ति अधिकारी।