कुसमरा (मैनपुरी)। चौकी क्षेत्र के एक गांव में मासूम के साथ दुष्कर्म की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
पीड़िता के पिता ने आरोपी पर आठ साल की मासूम से दुष्कर्म का आरोप लगाया। जिस पर पुलिस आरोपी को पकड़ ले गई। शाम को दूसरी तहरीर दी गई। इसमें आरोपी से कहासुनी व मारपीट का आरोप लगाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना किशनी की चौकी कुसमरा क्षेत्र के एक गांव में आठ साल की मासूम के साथ दुष्कर्म की सूचना मिलने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। आनन फानन में पुलिस टीम गांव पहुंच गई। वहां पीड़िता के पिता ने 52 वर्षीय व्यक्ति पर शुक्रवार की रात बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोप लगाया। शिकायत पर पुलिस आरोपी को पकड़ कर थाने ले गई। शाम के समय अचानक मामले ने नया मोड़ ले लिया। पीड़ित पक्ष की ओर से दूसरी तहरीर दी गई, जिसमें आरोपी से मामूली विवाद होने की बात कही गई। चौकी पुलिस मामले की सत्यता जांच रही है। थानाध्यक्ष होमहरि वाजपेयी का कहना है कि दोनों तहरीरों पर जांच की जा रही है।