मैनपुरी। मोहल्ला रामलीला मैदान में खाली प्लॉट में भरे पानी में डूबने से हुई बच्ची की मौत के बाद भी नगर पालिका प्रशासन गंभीर नहीं हुआ है। अभी तक जलभराव वाले क्षेत्रों में जलनिकासी की व्यवस्था नहीं कराई गई है। बात शहर के मोहल्ला राजीव गांधी नगर की करें तो यह भी नगर पालिका के सौतेले व्यवहार से विकास से कोसों दूर है। तीन साल पहले नगर पालिका में शामिल हुए इस मोहल्ले में नाला, नालियां और गलियां नहीं बनी हैं। खाली प्लॉट यहां भी तालाब बने हुए हैं जिस कारण यहां के लोगों को हर समय हादसे का डर सताता है।
मोहल्ला राजीव गांधी नगर को वर्ष 2016 में नगर पालिका में शामिल किया गया था। राजीव गांधी नगर को वार्ड संख्या 31 रामलीला मैदान और वार्ड संख्या 32 नगला रते दोनों में शामिल किया गया है। पालिका प्रशासन द्वारा इस मोहल्ले की अनदेखी की जा रही है। न तो वार्ड नंबर 31 में शामिल मोहल्ले के हिस्से का विकास कराया जा रहा है और न ही वार्ड संख्या 32 में। खाली प्लाटों में गंदा पानी भरा हुआ है।
उचित नहीं है प्रकाश व्यवस्था
मोहल्ले के लोग जहां अन्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। वहीं मोहल्ले में उचित प्रकाश की व्यवस्था भी नहीं है। मोहल्ले में कई स्थानों पर पोल तो लगे हैं, लेकिन वहां आज तक तार नहीं खींचे गए हैं। मोहल्ले में रात के समय अंधेरा पसरा रहता है, जिससे लोगों को देर रात अपने घरों में पहुंचने में भी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
आखिर कब होगा विकास
मोहल्ले में जलभराव प्रमुख समस्या है, इस समस्या से निजात के लिए गलियों का निर्माण कराना होगा। पता नहीं कब नगर पालिका प्रशासन इस तरफ ध्यान देगा।
ध्रुव तोमर
कहने के लिए हम लोग नगर पालिका क्षेत्र में निवास कर रहे हैं। यहां तो जीवन गांव से भी बदतर है। पता नहीं कब मोहल्ले के लोगों को मूलभूत सुविधाएं मिल सकेंगी।
विवेक चौहान
मोहल्ले में सड़क के नाम पर केवल कच्ची गलियां हैं। इनमें लोगों ने खुद ही अपने घरों के लिए मिट्टी डाल रखी है। नगर पालिका मोहल्ले के विकास की तरफ ध्यान ही नहीं दे रही है।
विजय यादव
मोहल्ले में गलियों का निर्माण न होने के कारण स्कूल वाहन भी मोहल्ले में नहीं पहुंच पाते हैं। ऐसे में बच्चों को छोडने के लिए प्रतिदिन मुख्य मार्ग तक जाना पड़ता है। नगर पालिका को यहां विकास कराना चाहिए।
संजीव कुमार
हाईलाइर्ट्स
3500 के करीब है मोहल्ले की आबादी।
1200 हैं मोहल्ले में मतदाता ।
2016 में नगर पालिका में किया गया था शामिल ।
20 से अधिक स्थानों पर है जलभराव ।
मोहल्ले के विकास के लिए कई बार नगर पालिका बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव रखा गया। कुछ काम हुए हैं, लेकिन मोहल्ले में अभी भी विकास की जरूरत है। नया वार्ड है उस हिसाब से काम कराने चाहिए। मेरा पूरा प्रयास है कि मोहल्ले की हर गली पक्की हो और नालियों का निर्माण हो।
निर्दोष कुमारी, सभासद वार्ड नगला रते
राजीव गांधी नगर नया वार्ड है, कई जगह काम कराया गया है। पूरी तरह से विकास कराने में समय लगेगा। बोर्ड की अगली बैठक में कुछ प्रस्ताव राजीव गांधी नगर के लिए रखे गए हैं। शीघ्र ही मोहल्ले का विकास होगा।
मनोरमा देवी, चेयरमैन