कासगंज। रक्षाबधंन का त्योहार नजदीक आने के साथ ही बाजार सजकर तैयार हो गया है। बाजार में राखी की कीमतों में 10 प्रतिशत तक वृद्घि देखी जा रही है। इसके बाद भी बहनें भाइयों को राखी भेजने के लिए खरीदारी कर रही हैं। अभी बिक्री काफी कम है।
भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का त्योहार रक्षाबंधन 22 अगस्त को मनाया जाएगा। इसमें एक सप्ताह से भी कम समय रह गया है। पर्व के नजदीक आते ही राखी विक्रेताओं ने दुकानें सजा ली हैं। साथ ही बड़ी संख्या में ढकेल संचालकों ने भी राखी के ढकेल लगा लिए हैं। शहर के नदरई गेट क्षेत्र में सबसे अधिक दुकानें व ढकेल नजर आ रहे हैं। बारहद्वारी क्षेत्र में भी राखी के फड़ सज गए हैं। विक्रेताओं ने राजस्थान, बंगाल, दिल्ली आदि से तरह-तरह की राखियां बिक्री के लिए मंगाई हैं। रंग बिरंगी राखियां बहनों का मन लुभाने लगी हैं। सबसे अधिक क्रेज धागा राखी का है। बाजार में इस समय सबसे सस्ती राखी 5 रुपये जबकि सबसे महंगी राखी 500 रुपये तक की है। जिन बहनों के भाई बाहर रहते हैं उनके द्वारा खरीदारी करके डाक, कोरियर आदि के माध्यम से राखी भेजना शुरू कर दिया है।
नई वैरायटी की राखियां बाजार में आई हैं। त्योहार नजदीक आ चुका है, लेकिन अभी बिक्री नहीं हो रही। राखी की कीमतों में पिछलेेेेे साल की अपेक्षा महंगाई का रुख है। बाहर भेजने के लिए ही बहनें खरीदारी कर रही हैं।- विक्रम माहेश्वरी, विक्रेता
राजस्थान, बंगाल एवं दिल्ली से राखी की कई वैरायटी मंगाई गईं हैं। बाहर भेजने के लिए बहनें फैंसी राखी खरीद रही हैं। पिछले साल से राखी की कीमतों में 20 प्रतिशत तक तेजी है। आने वाले दिनों में बिक्री बढ़ने की संभावना है।- दिलीप गुप्ता राखी विक्रेता