भाई-बहन के प्यार का पर्व रक्षाबंधन सोमवार को पारंपरिक रूप से मनाया जा रहा है। इस बार कोरोना के संक्रमण के कारण स्थितियां बदली हुई हैं। न बाजारों में पहले की तरह रौनक हैं, न ही बसों और ट्रेनों में मारामारी है। लोग संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरत रहे हैं। इस मौके पर अमर उजाला ने बहनों से बात की तो उनका भी यही कहना था कि इस बार एक ही रक्षासूत्र है, भाई सावधानी बरतें।
1. बेवजह घर से बाहर न निकलें
मैं भाई से यह वचन लूंगी कि वह न तो खुद बेवजह घर से बाहर निकले और न ही अन्य लोगों को निकलने दे। कोरोना का संक्रमण इन दिनों चरम पर है, सावधानी में ही सुरक्षा है
- रश्मि यादव, महर्षिपुरम
2. मास्क पहनकर ही घर से निकलें
मैं भाई से वचन लूंगी कि जब भी घर से बाहर जाए, मुंह पर मास्क हो। एक मास्क जेब में भी रखे। जिससे बात करनी है, अगर उसके पास मास्क नहीं है तो उसे दे दे। बात करने वाले दोनों लोग मास्क लगाए हों तो संक्रमण का खतरा न के बराबर रह जाता है
- गीता शर्मा, घटिया आजम खां
3. दो गज की दूरी सबसे जरूरी
मैं अपने भाई से वचन लूंगी कि वह दो गज की सामाजिक दूरी का पालन अवश्य करे। अगर किसी से बात कर रहा है तो उससे भी कह दे कि दूरी बनाकर रखे। भीड़ वाली जगह पर न जाए। मास्क भी पहने। कोरोना से बचने के लिए यही रक्षा सूत्र हैं - बिट्टू शर्मा, शाहगंज
4. जेब में सैनिटाइजर रखे
मैं अपने भाई से कहूंगी कि वह घर में रहे तो थोड़ी-थोड़ी देर में साबुन से हाथ धोता रहे। परिवार के सभी सदस्य ऐसा करें। भाई को बाहर जाना पड़ता है। उससे वचन लूंगी कि अपनी जेब में हमेशा सैनिटाइजर रखे। जब भी कोई चीज छुए तो तुरंत ही हाथ सैनिटाइज कर ले - पूनम बघेल, सेवला
सुबह 9:30 के दिन भर राखी बांधने का शुभ योग
सोमवार को सुबह 9:30 बजे तक भद्रा रहेगी। भद्रा काल में राखी बांधना शुभ नहीं होता। इसकेबाद दिन भर सर्वार्थ सिद्धी और आयुष्मान योग है। इसलिए किसी भी समय राखी बांधना शुभ रहेगा। इसमें अति शुभ समय दोपहर में 1:55 से 4:16 और शाम को 6:21 से 8:06 बजे तक रहेगा। इस बार रक्षाबंधन पर सावन के सोमवार के साथ पूर्णिमा भी है, इससे भगवान शिव और पार्वती की कृपा भी प्राप्त होगी। ( जैसा ज्योतिषाचार्य पूनम वार्ष्णेय ने बताया )
आयुष्मान और प्रीत योग में सजेगी भाई की कलाई
रक्षाबंधन पर सोमवार को भाई की कलाई पर आयुष्मान और प्रीत योग में राखी बंधेगी। प्रीत योग भाई-बहन के बीच में अटूट स्नेह की डोर को मजबूत करेगा। आयुष्मान योग में राखी बांधने से भाई-बहन को सुख-समृद्धि के साथ दीर्घायु की प्राप्ति होती है। ( जैसा ज्योतिषाचार्य प्रयाग नारायन शर्मा ने बताया )