रक्षाबंधन पर इस बार बहनें भाई की कलाई पर 70 हजार रुपये की राखी बांधने वाली हैं। सोने से बनी इन राखियाें की मांग इतनी ज्यादा है कि त्योहार के 10 दिन पहले ही स्टॉक अनुपलब्ध हो गया है। चांदी की बनी राखी की मांग भी जोरों पर है।
बाजार में महिलाओं के लिए खास कलकत्ता वाली राखियां आई हैं। इनमें जर्किन राखी, आर्टिफिशियल डायमंड की राखी और परफ्यूम वाली राखियां खास हैं। इनकी कीमत 300 से 400 रुपये है। इसके अलावा बच्चों के लिए उनके पसंदीदा कार्टून की राखियाें की भरमार है। छोटा भीम, डोरेमॉन, हनुमान, दीपा पिग, बेन टेन ब्रदर और की-चेन की राखियां उपलब्ध हैंं। जो 20 से 50 रुपये तक की हैं।
सोने और चांदी की राखी
सराफ व्यवसायी रिंकू बंसल ने बताया कि सोने और चांदी से बनी राखियाें की मांग काफी अधिक है। इस बार हमने सोने-चांदी की राखियां कोयम्बटूर से मंगाई हैं। सोने में हमारे पास 30 से लेकर 70 हजार रुपये तक की राखियां थीं। जिनका वजन सवा सात ग्राम तक था। सारा माल खत्म हो गया है। ग्राहकों की डिमांड के अनुसार ही अब राखियां तैयार कराई जा रही हैं।
राखी में कई वैरायटी
सराफ एसोसिएशन के अध्यक्ष नीतेश अग्रवाल का कहना है कि सोने के साथ चांदी की राखियों की भी अच्छी मांग है। इसमें रुद्राक्ष, डमरू, शिवलिंग, तिलक, त्रिशूल, ओम और शिवा नाम की राखी खास हैं। इनका वजन 7 ग्राम से 25 ग्राम तक है, जिनकी कीमत 700 से 2800 रुपये तक है।
महंगाई में भी सस्ती राखियां
खंदारी निवासी तृप्ति गर्ग ने बताया कि बाजार में महंगाई अपने चरम पर है, इसमें भी राखियां सस्ती हैं। मैंने अपने लिए सादा राखी ली है। बच्चों के लिए हनुमान और डोरेमॉन की राखी ली है।
लुंबा राखी की धूम
राखी विक्रेता इशांत गुप्ता का कहना है कि हमारे पास लुंबा राखी में कई तरह की वैरायटी हैं। इसमें कई आकर्षक राखियां हैं। इनकी कीमत 50 से 150 रुपये तक है। लुंबा राखी भैया-भाभी के लिए होती हैं।