आगरा के थाना सिकंदरा से एक युवक का अपहरण कर भाग रहे चार बदमाशों को धौलपुर जिला पुलिस ने मुंबई नेशनल हाईवे पर दबोच लिया। आगरा की एसओजी टीम इन बदमाशों का पीछा कर रही थी। धौलपुर पुलिस को इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुआ जलदाय विभाग चौराहे पर बदमाशों की घेराबंदी कर ली। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त की गई सफेद रंग की कार को भी जब्त किया है। इसके बाद इन बदमाशों को आगरा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
धौलपुर के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि गुरुवार सुबह उत्तर प्रदेश पुलिस से सूचना प्राप्त हुई कि चार बदमाश आगरा के सिकंदरा से एक युवक का सफेद रंग की कार में अपहरण कर भागे हैं, जिनका मूवमेन्ट धौलपुर की तरफ है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर स्थित मनियां, सदर, निहालगंज, कोतवाली, यातायात पुलिस, जिला विशेष टीम और क्यूआरटी को अलर्ट कर दिया गया। आगरा ग्वालियर हाईवे पर सघन नाकाबंदी प्रारम्भ कराई गई।
उत्तर प्रदेश पुलिस से लगातार सम्पर्क में रहते हुए और बेहतर समन्वय किया गया। इसी दौरान हाइवे पर जलदाय विभाग चौराहा के पास यातायात प्रभारी मंगतूराम को संदिग्ध सफेद रंग की कार तेज गति से आती हुई दिखाई दी। यातायात निरीक्षक द्वारा तुरन्त बैरिकेड्स लगाकर संदिग्ध कार को रूकवाया। कार में चार व्यक्ति सवार थे, जिनसे सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने आगरा के सिकंदरा से एक युवक का अपहरण करना स्वीकार किया।
एसपी मनोज कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रामेश्वर पुत्र काशीराम निवासी घटकुण्डा थाना पहाडगंज जिला ग्वालियर एमपी, रवि धाकड़ पुत्र रामनिवास धाकड़ निवासी हरीपुरा थाना फैलारस जिला मुरैना एमपी, राजेश पुत्र जण्डेल सिंह निवासी हरीपुरा थाना फैलारस जिला मुरैना एमपी तथा महेन्द्र पुत्र चिरौंजी निवासी घटकुण्डा थाना पहाडगंज जिला ग्वालियर एमपी शामिल हैं।
प्रारंभिक जानकारी में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने सिकंदरा निवासी करीब 25 वर्षीय कुलेन्द्र बघेल को अगवा किया था। बाद में यूपी पुलिस के दबाव में तथा पकडे़ जाने के डर से उन्होंने धौलपुर जिले के मनियां इलाके में एक चाय की दुकान पर कुलेन्द्र को छोड़ दिया था। कुछ ही समय में अपहरणकर्ताओं का पीछा कर रही उत्तर प्रदेश पुलिस की एसओजी टीम, सैंया थाना टीम व सिकंदरा थाना टीम गुलाब बाग पंहुच गई। तत्पश्चात आवश्यक कार्रवाई कर अपहरणकर्ताओं को उत्तर प्रदेश पुलिस को सौंप दिया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद में अब पुलिस कुलेन्द्र बघेल की तलाश में जुट गई है।