फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी के गांव में राजस्थान का ट्रांसफार्मर: चार महीने पहले फुंका, अब कटिया डालकर जल रही बिजली

Sat, 30 Oct 2021 12:34 AM IST
मुकेश कुमार न्यूज डेस्क अमर उजाला, आगरा

सार

आगरा के जगनेर ब्लॉक की भारा ग्राम पंचायत के मौजा नगला गुलाबगंज में विद्युतीकरण में फर्जीवाड़े की आशंका पर जांच शुरू हो गई है। यहां 10 साल से राजस्थान के ट्रांसफार्मर पर बिजली जलती रही। 
विज्ञापन
गुलाबगंज गांव में लगा राजस्थान का ट्रांसफार्मर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा जिले में राजस्थान सीमा से लगे जगनेर ब्लॉक के गुलाबगंज गांव में विद्युतीकरण के नाम पर अंधेरगर्दी सामने आई है। राजस्थान बिजली विभाग में इस्तेमाल होने वाले सिंगल फेज ट्रांसफार्मर से यहां दस साल से दक्षिणांचल की बिजली जलती रही। 

विज्ञापन


चार महीने से पहले जब ट्रांसफार्मर फुंका तो उसे बदलने से दक्षिणांचल अधिकारियों ने हाथ खड़े कर दिए। ट्रांसफार्मर नहीं बदलने के कारण अंधेरे में रह रहे ग्रामीणों ने 50 मीटर दूर बस्ती से कटिया डाल कर उजाला किया है। जिनके पास लंबी केबल नहीं है उनके घरों में अंधेरा है।

गुलाबगंज निवासी पूर्व प्रधान श्रीनिवास पचौरी ने बताया कि बसपा शासन में वर्ष 2007-12 के बीच गांव में विद्युतीकरण हुआ था। बिजली का एकल तार खींचे गए थे। खंभों पर लटकाने वाले तीन ट्रांसफार्मर लगाए गए थे। जिनमें दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम (डीवीवीएनएल) के खेरागढ़ फीडर से बिजली आपूर्ति होती है। 
विज्ञापन


क्षेत्रीय विधायक महेश गोयल ने बताया कि चार महीने से ट्रांसफार्मर फुंका पड़ा है। जब मैं गांव में गया, तो मुझे ग्रामीणों ने बताया। ट्रांसफार्मर बदलने की शिकायत की, लेकिन बिजली विभाग के अधिकारी ट्रांसफार्मर बदलने को तैयार नहीं हैं। उनका कहना है ये राजस्थान का ट्रांसफार्मर है हमारे स्टोर से नहीं बदला जा सकता।

विज्ञापन

खंभे पर लटका ट्रांसफार्मर
गुलाबगंज में राजस्थान का खराब ट्रांसफार्मर चार महीने से खंभे पर लटका है। उसे उतारने और जांच के लिए भेजने की कवायद तक दक्षिणांचल अधिकारियों ने शुरू नहीं की है। ग्रामीणों का कहना है कि बाकी ट्रांसफार्मर की जांच की जाए तो वो भी राजस्थान के निकलेंगे। उनके खराब होने पर भी क्या इसी तरह परेशानी झेलनी पड़ेगी।

'स्टोर से होगा सत्यापन'
डीवीवीएनएल खेरागढ़ विद्युत उपकेंद्र के अधिशासी अभियंता आलोक गुप्ता ने बताया जिस तरह का ट्रांसफार्मर लगा है वैसा यूपी में इस्तेमाल नहीं होता। ऐसे ट्रांसफार्मर राजस्थान बिजली विभाग इस्तेमाल करता है। ट्रांसफार्मर पर लिखे अंक और फर्म का सत्यापन धौलपुर बिजली विभाग के स्टोर से कराया जाएगा। फिलहाल उस ट्रांसफार्मर से जुड़े कनेक्शन ग्रामीणों ने दूसरे ट्रांसफार्मर से जोड़ लिए हैं। बिजली चालू हो गई है। कुछ लोगों को समस्या हो सकती है।

'जल्द शुरू होगी आपूर्ति'
दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के मुख्य अभियंता (वितरण) एसके अग्रवाल ने कहा कि मामला मेरे संज्ञान में आया है। फतेहाबाद के एक्सईएन से जांच कराई जा रही है। सिंगल फेज लाइन से ट्रांसफार्मर जुड़ा था। राजस्थान का ट्रांसफार्मर कैसे लगा। ये जांच के बाद तय होगा। गांव में बिजली आपूर्ति जल्द शुरू हो जाएगी। 

'गड़बड़ी की कराएंगे जांच'
खेरागढ़ के विधायक महेश गोयल ने कहा कि मैंने डीएम व अधीक्षण अभियंता को शिकायत बताई है। राजस्थान के ट्रांसफार्मर की जगह यूपी का नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए। राजस्थान का ट्रांसफार्मर जिसने लगाया उस ठेकेदार की जांच हो। मैं शासन में इसकी शिकायत करूंगा। 
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें