फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra News: गांव-कस्बों में बारिश बनी आफत, मकान और दीवारें ढहीं

विज्ञापन
बाह: बारिश से मढ़ेपुरा की 20 गांवों को जोड़ने वाली सड़क जलमग्न
विज्ञापन
आगरा। कई दिन से लगातार हो रही बारिश ग्रामीणों के लिए मुसीबत का सबब बन गई है। बृहस्पतिवार को बसई अरेला में दो मंजिला मकान भरभराकर ढह गया। एक अन्य मकान की दीवार गिर गई। अछनेरा में जर्जर मकान की छत गिरने से मलबे में दबकर एक महिला घायल हो गई। फतेहाबाद क्षेत्र में किसान की पक्की दीवार गिरने से मलबे के नीचे दबकर तीन बकरियों की मौत हो गई। वहीं फतेहपुर सीकरी में बाले मियां मजार की बाउंड्री का हिस्सा ढह गया।
विज्ञापन

पिनाहट के नगला भरी निवासी मानसिंह का पुराना दो मंजिला मकान लगातार हुई बारिश के चलते अचानक ढह गया। घटना के समय परिवार के सदस्य घर के बाहर होने से उनकी जान बच गई। मलबे में गृहस्थी का सामान नष्ट हो गया। उधर, कस्बा पिनाहट के मोहल्ला मार निवासी रामशरण शर्मा के मकान की दीवार सीलन और बारिश के कारण गिर गई। घटना के समय परिवार के सदस्य पास में मौजूद थे, लेकिन समय रहते सुरक्षित निकल जाने से बड़ा हादसा टल गया।
अछनेरा
के गांव नगला पूना में निवासी नीलम बुधवार रात करीब 9 बजे अपने जर्जर मकान के कमरे में खाट पर लेटी हुई थीं। उनके साथ कमरे में 10 वर्षीय पुत्र अमर और सात वर्षीय पुत्री पवित्रा भी मौजूद थे। बारिश के चलते मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। छत का अधिकांश मलबा नीलम के ऊपर गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि दोनों बच्चे संयोगवश सुरक्षित बच गए।
विज्ञापन

फतेहाबाद
के गांव सिलावली निवासी अर्जुन के घर की बृहस्पतिवार सुबह साढ़े सात बजे के करीब बारिश के दौरान अचानक पक्की दीवार और टिनशेड गिर पड़े। उस समय नीचे बंधी बकरियां मलबे में दब गईं। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर बकरियों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक तीन बकरियों की मौत हो चुकी थी। दो घायल बकरियों का उपचार कराया जा रहा है।

फतेहपुर सीकरी में बारिश के चलते बृहस्पतिवार को हजरत शेख सलीम चिश्ती की दरगाह परिसर के बाहर स्थित प्राचीन बाले मियां मजार की बाउंड्रीवाल का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के संरक्षण सहायक दिलीप सिंह ने बताया क्षतिग्रस्त हिस्से की जल्द मरम्मत कराई जाएगी।
सैंया की ग्राम पंचायत सोरा में भू-जल स्तर बढ़ाने एवं पर्यटन को लेकर बनाए गए अमृत सरोवर की पटरियां ढह गईं। जालियां टूट गईं।
इंसेट
गलियां डूबीं, घरों के अंदर घुसा पानी
बाह। मढ़ेपुरा गांव की सड़क जलमग्न है। सड़क किनारे की 6-10 फीट तक गहरी खाई पानी में डूब गई है। सड़क के आसपास की बस्ती के घरों की देहरी तक ओवरफ्लो हुए तालाब का पानी भरा है। कई गांवों के तालाब का पानी गलियों में घुटनों तक भर गया है। कई घरों में भी पानी घुस गया है। खंड विकास अधिकारी नीरज तिवारी ने बताया कि जैतपुर के प्यारम्पुरा गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय, गढ़ी प्रातपपुरा, नयेपुरा, कान्हरपुरा गांव एवं बाह के नरहोली, सहाबरायपुरा, कैंजरा गांव में भरे पानी की पंपसेट लगवा कर पानी की निकासी कराई जा रही है। मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह ने जलभराव की समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेने, पानी की निकासी कराने एवं फोटो समेत समस्या के समाधान से अवगत कराने के निर्देश दिए हैं।
इंसेट
गांव रिछोहा में बांध टूटा
जगनेर। क्षेत्र में दो दिन से लगातार हो रही बारिश से कई गांवों के बांधों का जलस्तर बढ़ने से कई संपर्क मार्ग जलमग्न हो गए हैं। गांव रिछोहा में बृहस्पतिवार की शाम बांध टूट गया। स्थानीय ग्रामीण नरेश गुर्जर ने बताया कि बांध फूटने से खेतों में पानी भरने लगा है। इससे फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है।
इंसेट
पशुओं के लिए चारा लाना मुश्किल, प्रशासन ने संभाला मोर्चा
फतेहाबाद। चार दिन से लगातार बारिश के चलते एक दर्जन से अधिक गांवों में जलभराव की स्थिति बन गई है। कई मकानों में पानी भर जाने से ग्रामीणों को छतों पर शरण लेनी पड़ रही है। खेतों में भी पानी भर जाने से पशुओं के लिए हरा चारा लाना मुश्किल हो गया है। बृहस्पतिवार को प्रशासन ने जटपुरा गांव में विशेष अभियान चलाया। यहां नायब तहसीलदार शुभ्रा अवस्थी, नायब तहसीलदार विशेष कुमार, खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार तथा निबोहरा पुलिस की टीम ने पाया कि चक मार्ग पर एक व्यक्ति ने सामान और घूरा डालकर अवैध कब्जा कर लिया था, जिससे बारिश का पानी गांव की गलियों में भर रहा था। बुलडोजर की मदद से अवैध कब्जा हटवाया गया। इसके अलावा नगला मुक्ता, झारपुरा और बांस बासवले समेत अन्य गांवों में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), नरेंद्र बघेल ने ग्राम सचिवों और लेखपालों की ड्यूटी लगाई गई है। पंप सेट लगाकर गांव की गलियों में भरे पानी को निकलवाया जा रहा है। तहसीलदार शिखर मिश्रा ने बताया जहां भी जलभराव की सूचना मिल रही है, वहां तत्काल राहत कार्य कराए जा रहे हैं।

बाह: बारिश से मढ़ेपुरा की 20 गांवों को जोड़ने वाली सड़क जलमग्न

बाह: बारिश से मढ़ेपुरा की 20 गांवों को जोड़ने वाली सड़क जलमग्न

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें