आगरा में कुछ दिनों से लोग उमस भरी गर्मी से परेशान थे। लेकिन शनिवार की रात को हुई रिमझिम बारिश से थोड़ी राहत मिली। वहीं रविवार सुबह से रिमझिम बारिश ने मौसम सुहाना बना दिया। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि एक-दो दिन बादलों की लुकाछिपी का खेल जारी रहेगा और रिमझिम बारिश पड़ने की पूरी संभावनाएं हैं।
शनिवार को शहर में रात नौ बजे के बाद कहीं रिमझिम तो कहीं तेज बारिश हुई। शनिवार को दोपहर से ही बादलों की लुकाछिपी शुरू हो गई थी। बादल छाए रहने के कारण उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही थी।
रात में हवाएं चलने के साथ ही काले बादल छाए और रिमझिम शुरू हो गई। देर रात तक कहीं रिमझिम और कहीं तेज बारिश हुई। वहीं रविवार तड़के रिमझिम बारिश शुरू हो गई।
सूरज को काले बादलों ने अपने आगोश में ले लिया। दोपहर तक बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रहा। कई दिनों से सूरज की गर्मी से बेहाल लोगों को रविवार का दिन सुहावना मिला।