पंजाब में किसानों के रेल रोको आंदोलन के कारण गुरुवार को अमृतसर से चलने वाली गोल्डन टेंपल स्पेशल, पश्चिम एक्सप्रेस ट्रेन को अंबाला तक ही चलाया गया। सचखंड एक्सप्रेस दिल्ली तक ही संचालित हो सकी। इससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। वहीं पंजाब की ओर जाने वाले 250 यात्रियों ने अपने रिजर्वेशन भी निरस्त करवाए।
पंजाब में किसान बिल को लेकर किसानों ने आंदोलन छेड़ दिया है। ट्रेनें रोकने का एलान किया है। इसे देखते हुए रेलवे ने एडवाइजरी जारी करने के बाद अमृतसर से चलने वाली ट्रेनों को अंबाला स्टेशन से संचालित करना शुरू कर दिया है।
यात्रियों को हुई परेशानी
गुरुवार को आगरा मंडल के स्टेशनों पर ठहराव वाली गोल्डन टेंपल, पश्चिम एक्सप्रेस ट्रेन को अंबाला तक ही भेजा गया। सचखंड एक्सप्रेस दिल्ली में ही रोक ली गई। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा, क्योंकि यात्रियों को बताया गया था कि ट्रेनें अंबाला स्टेशन तक चलाई जाएंगी।