मैनपुरी। जिला कृषि अधिकारी और उप कृषि निदेशक ने शुक्रवार को छापेमारी कर कुल 20 उर्वरकों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। नियमों का पालन न करने पर उप कृषि निदेशक ने तीन लाइसेंस निलंबित करने के आदेश दिए हैं।
शासन के आदेश पर उप कृषि निदेशक डीवी सिंह ने ब्लॉक किशनी, करहल और बरनाहल क्षेत्र में उर्वरक की दुकानों का निरीक्षण किया। उन्होंने दुकानों से कुल पांच उर्वरकों के नमूने लिए। इसमें पोटाश, जिंक और डीएपी का एक-एक नमूना लिया। साथ ही सूक्ष्म पोषक तत्वों के दो नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान उप कृषि निदेशक ने तीन लाइसेंस निलंबित करने के आदेश दिए।
इसमें कमलेश ट्रेडिंग कंपनी को सरिया, बालू के साथ उर्वरकों की बिक्री करने, पंकज खाद भंडार सौज और यादव खाद भंडार सकरा को खाद्य पदार्थ के साथ उर्वरक व दवा की बिक्री करने के लिए निलंबित करने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही जिला कृषि अधिकारी डॉ. गगनदीप सिंह ने ब्लॉक कुरावली, घिरोर और मैनपुरी में दुकानों पर छापेमारी कर उर्वरकों के नमूने लिए। इसमें कुरावली के अहिंसा खाद बीज भंडार से डीएपी के दो, एसके फर्टिलाइजर्स से डीएपी व म्यूरेट ऑफ पोटाश का एक-एक और क्षत्रिय खाद भंडार से भी डीएपी और म्यूरेट ऑफ पोटाश का एक-एक नमूना लिया।
घिरोर में शेखर खाद भंडार से डीएपी का एक, आलोक खाद भंडार और अग्रवाल मशीनरी स्टोर से डीएपी और म्यूरेट ऑफ पोटाश का एक-एक नमूना लिया। इसके अलावा मैनपुरी में राठौर ट्रेडिंग कंपनी संसारपुर से डीएपी के दो और रामदुलारे खाद भंडार संसारपुर से डीएपी और म्यूरेट ऑफ पोटोश का थएक-एक नमूना लिया गया। कुल 20 नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
स्टॉक व अन्य अभिलेख भी जांचे
कृषि विभाग के अधिकारियों ने उर्वरक की दुकानों के निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर व अन्य अभिलेख भी चेक किए। उन्होंने दुकान पर उपलब्ध स्टॉक और रजिस्टर में दर्ज स्टॉक का भी मिलान किया। सभी विक्रेताओं को पीओएस मशीन से उर्वरकों की बिक्री करने के आदेश दिए गए हैं।
वर्जन
शासन के आदेश पर कृषि विभाग ने उर्वरकों की दुकानों पर छापेमारी कर नमूने भरे हैं। उर्वरकों के कुल 20 नमूने लेने के साथ ही तीन लाइसेंस निलंबित करने का भी आदेश दिया गया है।
डीवी सिंह, उप कृषि निदेशक।