नगला पजाबा में राशन डीलर की दुकान पर राशन के लिए लगी लोगों की भीड़
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। ई-पॉस मशीन की बैटरी राशन वितरण में रोड़ा बन रही है। दरअसल ये बैटरी जल्दी डिस्चार्ज हो जाती है, जिससे राशन वितरण बीच में ही ठप हो जाता है। इससे एक ओर जहां राशन नहीं मिल पाता है। वहीं, दूसरी ओर दुकानों पर हंगामा भी हो रहा है। राशन वितरण में गड़बड़ी पर शिकंजा कसने के लिए शासन ने ई-पॉस से वितरण अनिवार्य कर दिया है। इसके लिए एक साल पहले शहरी क्षेत्र में मशीनों का वितरण किया गया था।
वहीं मई से ग्रामीण क्षेत्रों में भी ई-पॉस से ही वितरण कराया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में आर्मी इन्फोटेक नाम की कंपनी ने ई-पॉस की आपूर्ति की है। लेकिन इन मशीनों की बैटरी में समस्या आ रही है। हाल ये है कि बमुश्किल 15 से 20 लोगों को वितरण के बाद ही बैटरी डिस्चार्ज हो जाती है। इसके कारण वितरण थम जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति कम होने के चलते इसे चार्ज करना भी आसान नहीं होता है। लेकिन जो लोग दूसरे गांवों से राशन लेने के लिए पहुंचते हैं, वे हंगामा करना शुरू कर देते हैं। कई राशन डीलरों ने इसकी शिकायत जिला पूर्ति अधिकारी से की है। हालांकि अब तक समस्या का निदान नहीं हो सका।