आगरा। मथुरा में चंद्रशेखर उर्फ फरसा बाबा की ट्रक से कुचलकर मौत के बाद प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज और आँसू गोले दागने के मामले में अखिल भारत हिंदू महासभा ने बसई चौकी और ताज व्यू चौराहे पर प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष मीरा राठौर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की। कार्यकर्ता गोकशों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
प्रदर्शन की सूचना पर मौके पर थाना ताजगंज पुलिस और एसीपी ताज सुरक्षा पीयूष कांत राय के साथ भारी पुलिस बल पहुंच गया। संगठन ने बसई चौकी से जिला मुख्यालय तक वाहन रैली निकालने का ऐलान किया था, लेकिन पुलिस ने कार्यकर्ताओं को ताज व्यू चौराहे पर ही रोक लिया। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस हुई। बाद में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसीपी ताज सुरक्षा के माध्यम से सौंपा गया। संवाद