ताज कॉरिडोर के तहत आगरा किला से ताज तक यमुना किनारे हरियाली की जाएगी। इसके साथ ही इंडोर स्टेडियम के प्रस्ताव पर भी मुहर लग चुकी है, जिसका टेंडर जल्द जारी हो जाएगा।
आगरा विकास प्राधिकरण की बैठक में अवस्थापना निधि से कराए जाने वाले कार्यों पर मुहर लगाई गई। खेरिया मोड़ के पास इंडोर स्टेडियम के लिए धनराशि मंजूर हुई। इसके अलावा मंटोला नाले से पूर्व दिशा में ताजमहल की ओर ताज कॉरिडोर को सवा दो करोड़ रुपये से विकसित करने के प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई।
विज्ञापन
मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने कहा कि जो भी कार्य अवस्थापना निधि से कराए जा रहे हैं, उनमें गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखें। खेरिया मोड़ के पास इंडोर स्टेडियम के निर्माण कार्य के लिए आगरा स्मार्ट सिटी की ओर से डीपीआर फाइनल होने के बाद टेंडर जारी होगा। तभी पहली किस्त के रूप में धनराशि अवमुक्त होगी।
हाथरस रोड मंदिर से रामबाग पार्क तक, सहायक गलियों और अमित विहार काॅलोनी व उसकी सहायक गलियों में नाली एवं इंटरलाॅकिंग के कार्य से संबंधित प्रस्ताव रखे गए। कालिंदी विहार 100 फुटा रोड से जलेसर रोड तक सड़क व नाली निर्माण, 43 लाख की लागत से बीएसयूपी नरायच भवनों तक सड़क निर्माण के कार्य प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई।
विज्ञापन
इस दौरान जिलाधिकारी भानु चंद्र गोस्वामी, एडीए उपाध्यक्ष अनिता यादव, सचिव श्रद्धा शांडिल्य, पर्यटन विभाग से विशाल श्रीवास्तव, नगर निगम मुख्य अभियंता (निर्माण) बीएल गुप्ता आदि मौजूद रहे।