फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मैनपुरी का नाम बदलने की कवायद: जिला पंचायत की बैठक में 'मयन नगर' नाम रखने का प्रस्ताव पास

Mon, 16 Aug 2021 03:23 PM IST
Abhishek Saxena न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मैनपुरी

सार

जिला पंचायत अध्यक्ष अर्चना भदौरिया ने कहा कि बोर्ड बैठक में मैनपुरी का मयन नगर नाम रखने का प्रस्ताव पास हो गया है। अब इसे शासन को भेजा जाएगा।
विज्ञापन
जिला पंचायत कार्यालय, मैनपुरी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मैनपुरी के कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिला पंचायत बोर्ड की पहली बैठक में ही मैनपुरी का नाम बदलकर मयन नगर किए जाने का प्रस्ताव रखा गया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि भाषा की गलती के कारण जिले का नाम बदलकर मैनपुरी हो गया था। इसे प्रस्ताव पास कर ठीक किया जाना चाहिए। कई सदस्यों ने इसका विरोध किया। हालांकि बोर्ड बैठक में प्रस्ताव जिला पंचायत अध्यक्ष के अनुमोदन से प्रस्ताव पास हो गया और अब इसे शासन को भेजा जाएगा।

विज्ञापन


जिला पंचायत बोर्ड की पहली बैठक सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष अर्चना भदौरिया की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिला पंचायत सदस्य योगेंद्र प्रताप सिंह ने प्रस्ताव रखा कि मैनपुरी का नाम बदलकर मयन नगर रखा जाए। प्रस्ताव के समर्थन में कुछ सदस्यों ने सहमति दी और कुछ ने विरोध दर्ज कराया।

 

जिला पंचायत सदस्य सुजान सिंह यादव ने कहा जिला पंचायत सदस्यों को प्रस्ताव समझने का मौका दिया जाना चाहिए। मयन ऋषि की तपोभूमि रही धरती का नाम मैनपुरी है। उस कालखंड में किन परिस्थितियों में मैनपुरी नाम पड़ा और अब ऐसी क्या परिस्थिति है कि मैनपुरी का नाम बदलकर मयन नगर किया जाए। 

विज्ञापन

अब शासन को भेजा जाएगा प्रस्ताव
इतिहास में मयन ऋषि की भूमि को मैनपुरी नाम से ही जाना गया है। उन्होंने प्रस्ताव को अगली बैठक तक के लिए स्थगित किए जाने की मांग की। हालांकि जिला पंचायत अध्यक्ष अर्चना भदौरिया ने कहा कि बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पास हो गया है। अब इसे शासन को भेजा जाएगा।

जिला पंचायत अध्यक्ष अर्चना भदौरिया ने कहा कि मयन ऋषि की तपोभूमि के कारण जनपद का नाम मैनपुरी था। भाषा की गलती के कारण बदले नाम को शुद्ध नाम देते हुए मयन नगर किया गया है। बोर्ड बैठक में पास प्रस्ताव को शासन में भेजा जाएगा। 

जिला पंचायत सदस्य सुजान सिंह यादव ने कहा कि किसी भी प्रस्ताव पर चर्चा के लिए नोटिस दिया जाना चाहिए। नाम बदलने का मामला कोई मामूली बात नहीं है। सदस्यों को प्रस्ताव समझने का मौका देकर ही उस पर चर्चा के बाद प्रस्ताव पर निर्णय लिया जाना चाहिए। 
विज्ञापन

कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य विनीता शाक्य ने कहा कि मैं मैनपुरी का नाम बदलने के पक्ष में नहीं हूं। मेरी ओर से इस प्रस्ताव का विरोध किया गया। किसी एक व्यक्ति के कहने पर जिले का नाम नहीं बदला जा सकता है। प्रस्ताव लाने से पहले जनता से राय ली जानी चाहिए थी। 

विधायक सदर राजकुमार उर्फ राजू यादव ने कहा कि भाजपा के लोग केवल नाम बदलने का काम करते हैं। नाम बदलने से कुछ नहीं होगा। यदि बदलना ही है तो विकास कार्य कर जिले की सूरत बदलनी चाहिए। ऐतिहासिक तथ्यों से छेड़छाड़ नहीं किया जाना चाहिए। सपा इसका विरोध करेगी।
 
बैठक में शामिल नहीं हुए सपा के सदस्य
जिला पंचायत बोर्ड की पहली बैठक में सपा समर्थक जिला पंचायत सदस्य भाग लेने नहीं पहुंचे। सपा के जिला पंचायत सदस्य मनोज यादव ने बताया जिला पंचायत बोर्ड की पहली बैठक जिला पंचायत सभागार में होनी चाहिए। बोर्ड की पहली बैठक जिला पंचायत सभागार की जगह कलक्ट्रेट सभागार में बुलाई गई। 

भाजपा का लोकतंत्र और नैतिक मूल्यों में विश्वास नहीं है। भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर रही है। मतदान से लेकर मतगणना तक धांधली की गई है। इसके विरोध में सपा समर्थक जिला पंचायत सदस्यों ने जिला पंचायत बोर्ड की पहली बैठक का पूरी तरह से बहिष्कार किया है।


फिरोजाबाद का नाम बदलने की तैयारी: जिला पंचायत की बैठक में चंद्रनगर नाम रखने का प्रस्ताव पास
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें