दिल्ली मार्ग पर बढ़ेगी यात्रियों की परेशानी
पहले चरण में शामली जाएंगी रोडवेज की सात बसें
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। लोकसभा चुनाव के दौरान दिल्ली मार्ग पर आने जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ेगी। पहले चरण के चुनाव के लिए 16 अप्रैल को रोडवेज की सात बसें शामली के लिए रवाना की जाएंगी। शामली जाने वाली बसों के कुशल चालकों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
लोकसभा चुनाव में मतदान कर्मियों और पुलिस बल को मतदान केंद्रों तक भेजने के लिए रोडवेज की बसों को भेजा जाता है। परिवहन निदेशालय ने पहले चरण के चुनाव के लिए मैनपुरी डिपो की सात बसों को भेजने का निर्णय लिया है। इस संबंध में निदेशालय से भेजा गया पत्र एआरएम को भी भेजा गया है। पत्र मिलने के बाद एआरएम ने दिल्ली मार्ग पर संचालित की जा रही अच्छी हालत वाली सात बसों को चिन्हित कर लिया है।
चुनाव के लिए चिन्हित की गई इन बसों का संचालन कर रहे चालकों को भी तैयार रहने को कहा गया है। चिन्हित की गई रोडवेज की सात बसों को 16 अप्रैल को शामली के लिए भेजा जाएगा। जिला प्रशासन पहले ही अच्छी हालत वाली दो रोडवेज बसों को चुनाव के लिए अधिग्रहीत कर चुका है। दिल्ली मार्ग पर पहले से ही दो बसों का संचालन कम हो गया है। 16 अप्रैल के बाद सात और बसों का संचालन कम होने से दिल्ली आने जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ जाएगी।
लोकसभा चुनाव के लिए पहले चरण में सात बसें मांगी गई हैं। इन बसों को 16 अप्रैल को शामली भेजा जाएगा। अन्य चरणों के लिए रोडवेज बसों की जैसी मांग होगी। बसों के लिए वैसी ही व्यवस्था की जाएगी।
संजीव कुमार, एआरएम मैनपुरी