रुनकता। अरतौनी स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत ट्रक चालक की कर्नाटक में मौत हो गई। रविवार रात दो बजे कंपनी के कर्मचारी शव को एंबुलेंस से घर लेकर आ गए। परिजन शव को कंपनी के ऑफिस ले आए। प्रबंधन पर बिना पोस्टमार्टम कराए शव को घर भिजवाने का आरोप लगाकर हंगामा किया। सोमवार दोपहर को प्रबंधन ने परिजन को मुआवजे का आश्वासन दिया। तब हंगामा शांत हुआ। भरतपुर के डीग निवासी बेटे संजय ने बताया कि पिता बच्चू सिंह (50) पीएनसी कंपनी में कर्नाटक साइड पर ट्रक चालक थे। शनिवार रात करीब 8:30 बजे पिता से आखिरी बार बात हुई थी। उसी रात एक अनजान व्यक्ति का फोन आया, जिसने बताया कि पिता की मौत हो गई है। कहा गया कि दिल का दौरा पड़ा है। इसके बाद कर्नाटक से एंबुलेंस से शव घर भेज दिया गया।
मृतक के चचेरे भाई ज्ञानेश्वर ने बताया पुलिस की मौजूदगी में परिजन और फैक्टरी प्रबंधन के बीच कंपनी में वार्ता हुई। कंपनी की ओर से परिजन को 3.5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक के दो बेटे और दो बेटियां हैं। थाना प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। परिजन ने किसी तरह की शिकायत नहीं की है।