मैनपुरी की जिला जेल में शनिवार को एक बंदी की मौत हो गई। इससे आक्रोशित परिजनों ने कचहरी रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। परिजनों ने पुलिस पर पिटाई करने और झूठे मामले में फंसाने का आरोप लगाया। साथ ही रिश्वत न देने पर जेल भेजने का आरोप लगाया। एएसपी से कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद परिजन शांत हुए।
किशनी थाना पुलिस ने शुक्रवार को गांव महिगवां निवासी 26 वर्षीय छोटे उर्फ विनय कुमार व उसके भाई ब्रजेश कुमार को अवैध शराब की बिक्री में गिरफ्तार जेल भेजा था। शाम को जेल में छोटे की तबियत बिगड़ी, तो उसे जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया। शनिवार को हालत में सुधार नहीं हुआ तो जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कचहरी रोड पर लगाया जाम
जानकारी होने के बाद परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस पर थर्ड डिग्री देने का आरोप लगाते हुए कचहरी रोड पर जाम लगा दिया। परिजनों का आरोप है कि दोनों भाइयों को पुलिस ने झूठे मामले में फंसाया है। पुलिस ने दोनों भाइयों को छोड़ने के एवज में 80 हजार रुपये मांगे थे। रुपये न देने पर दोनों को जेल भेज दिया। पुलिस की पिटाई से ही युवक की मौत हुई है।