फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नई जर्सी में नजर आएंगे भारतीय एथलीट, श्रीराम सिंह और अंजू बॉबी जार्ज ने किया अनावरण

Sat, 20 Jul 2019 02:23 PM IST
मुकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा
विज्ञापन
नई जर्सी में पूर्व एथलीट श्रीराम सिंह और अंजू बॉबी जार्ज - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
एथलीट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) ने तय उम्र से अधिक के खिलाड़ियों की पहचान के लिए मेडिकल टेस्ट पर जोर दिया है। आगरा में शुक्रवार को फेडरेशन की बैठक में विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारियों को चयन से पहले खिलाड़ियों का मेडिकल टेस्ट कराने के लिए निर्देशित किया गया। साथ ही आगामी विश्व चैंपियनशिप और ओलंपिक की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। 
विज्ञापन


बैठक से पहले पूर्व एथलीट श्रीराम सिंह और अंजू बॉबी जार्ज ने एथलीट टीम की नई जर्सी का अनावरण किया। दो दिवसीय वार्षिक बैठक के पहले दिन मुख्य मुद्दा ओवर ऐज खिलाड़ियों का रहा। विभिन्न राज्यों से आए फेडरेशन के पदाधिकारियों ने ओवर ऐज खिलाड़ियों को पकड़ने में आ रही दिक्कत के बारे में बताया। 

पदाधिकारियों ने कहा कि मार्कशीट, आधार समेत अन्य प्रमाणपत्रों में जन्मतिथि में गड़बड़ी की आशंका रहती है। इस पर एएफआई ने खिलाड़ियों का डॉक्टरी परीक्षण कराने के लिए कहा। हालांकि ओवर ऐज खिलाड़ी पकड़े जाने पर क्या कार्रवाई हो, यह तय नहीं हो पाया। 
विज्ञापन

एथलीट फेडरेशन ऑफ इंडिया के पदाधिकारी - फोटो : अमर उजाला
सदस्यों में से किसी ने खिलाड़ी तो किसी ने कोच पर कार्रवाई की बात कही। कुछ सदस्य ऐसे भी रहे, जिन्होंने जुर्माना और दो साल की पाबंदी लगाने का सुझाव दिया। बैठक में खिलाड़ियों की बेहतर फिटनेस के लिए सख्ती से डायट चार्ट अपनाने के लिए कहा गया। कोच के लिए भी वर्तमान नियमों और जरूरत के मुताबिक प्रशिक्षण जरूरी बताया गया। 

अंतिम सत्र में खिलाड़ियों को डोपिंग से बचाने पर खासा जोर रहा। सदस्यों का मानना था कि कई बार लापरवाही से भी खिलाड़ी इसका शिकार हो जाता है। उन्होंने खिलाड़ियों और कोच को ड्रग संबंधी जानकारी देने पर जोर दिया। प्लानिंग कमेटी चेयरमैन ललित भनौट ने कहा कि दो दिन चलने वाली बैठक में खिलाड़ियों के चयन, ओवर ऐज, डोपिंग, फिटनेस, ट्रेनिंग समेत कई बिंदुओं पर रायशुमारी हुई है।
 
विज्ञापन

हिमा दास और नीरज से है उम्मीद: अंजू बॉबी जॉर्ज

एशियन गेम्स में सोना और विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक लाने वाली पूर्व एथलीट अंजू बॉबी जार्ज एथलीट में देश का भविष्य बेहतर बताती हैं। उनको उम्मीद है कि विश्व चैंपियनशिप और ओलंपिक में हिमा दास जरूर देश के लिए मेडल जीतेंगी। 

जैवलिन थ्रो में नीरज चोपड़ा बेहतर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि 400 मीटर रिले दौड़, लांग जंप, पुरुष वर्ग में 800 मीटर दौड़ में भी पदक की उम्मीद है। उन्होंने नए खिलाड़ी तराशने में ‘खेलो इंडिया’ कार्यक्रम की सराहना की। कहा, इससे नई प्रतिभा खोजना आसान होगा। 

राज्यों के बीच प्रतियोगिता कराकर चुने जाएं खिलाड़ी: श्रीराम सिंह

1974 के एशियन गेम्स में 800 मीटर दौड़ में सोना पाने वाले पूर्व एथलीट श्रीराम सिंह मानते हैं कि ओलंपिक में पदक पाना आसान नहीं है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों के लिए अभी सुविधाएं और संसाधन जरूरत के मुताबिक नहीं हैं। खिलाड़ियों में मेहनत की कमी बताते हुए उन्होंने जमीनी स्तर पर और कार्य करने की जरूरत बताई। 

उन्होंने राज्यों की टीम के बीच मुकाबला कर खिलाड़ियों के चयन पर जोर दिया। कहा कि ओलंपिक के लिए कोच और खिलाड़ियों को विदेशी ट्रेनिंग ज्यादा से ज्यादा दी जानी चाहिए। देश में ट्रेनिंग के लिए विदेशी कोच की भी मदद लेनी चाहिए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें