एसएन मेडिकल कॉलेज का सुपर स्पेशियलिटी सेंटर
- फोटो : अमर उजाला
प्रमुख सचिव आलोक कुमार ने मंगलवार को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज परिसर में सुपर स्पेशियलिटी सेंटर के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। अभी 15 फीसदी कार्य न हो पाने पर हिदायत देते हुए कहा कि इसे चार महीने में हर हाल में पूरा करें। साथ ही शोध कार्य को बढ़ावा देने, साफ-सफाई, मरीजों के लिए व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने, स्त्री रोग विभाग को भी शिफ्ट करने के निर्देश दिए।
प्रमुख अधीक्षक डॉ. बृजेश शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत 200 करोड़ रुपये से बन रही सुपर स्पेशियलिटी सेंटर के निर्माण की जानकारी की। इसमें 15 फीसदी निर्माण कार्य बकाया है। इस पर प्रमुख सचिव ने अक्तूबर तक इमारत का निर्माण कार्य पूरा कराने की हिदायत दी। कहा कि इसी महीने में इमारत भी हैंडओवर हो जाए, जिससे मरीजों को सुविधा मिल सके।
'लेडी लॉयल को पूरी तरह से एसएन में शिफ्ट करें'
उन्होंने कहा कि स्त्री रोग विभाग को लेडी लॉयल (महिला जिला अस्पताल) से पूरी तरह से एसएन परिसर में शिफ्ट करें। कोरोना महामारी में स्त्री रोग विभाग लेडी लॉयल में शिफ्ट हो गया था, लेकिन ओपीडी और ऑपरेशन थिएटर एसएन में संचालित हो रहे हैं, बाकी को भी यहीं शिफ्ट करें। ओपीडी, इमरजेंसी और विभागों में मरीजों की सुविधा दुरुस्त रखने के साथ साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया।
प्रमुख सचिव ने शैक्षणिक गुणवत्ता के लिए एसएन में शोध कार्य बढ़ाने के निर्देश दिए। कोरोना महामारी में शोध कार्य प्रभावित हुए हैं। प्रमुख सचिव इन चार-पांच बिंदुओं पर रिपोर्ट बनाकर भी ले गए हैं। इन बिंदुओं पर प्रमुख सचिव को रिपोर्ट भी देनी है। इसी कड़ी में एसएन और लेडी लॉयल परिसर को मिलाकर बनाए जाने वाले इंटीग्रेड प्लान के लिए एडीए उपाध्यक्ष से सर्वे कर कार्ययोजना बनाने के लिए भी उन्होंने कहा है।