रोटरी क्लब और ट्रांस यमुना डाक्टर्स एसोसिएशन ने वर्ल्ड कैंसर डे पर गुरुवार को एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम से मिनी मैराथन का आयोजन किया। लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से हुए इस आयोजन में पांच स्कूलों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। स्लोगन लिखी तख्तियों और बैनर के माध्यम से लोगों को कैंसर से बचने के लिए तंबाकू, पान आदि का सेवन न करने की सलाह दी। समझाया गया कि इलाज से कहीं बेहतर है परहेज करना।
सुबह नौ बजे जिलाधिकारी पंकज कुमार ने फ्लैग ऑफ कर मिनी मैराथन शुरू कराई। स्टेडियम से पंकज पैथोलॉजी, हेड पोस्टआफिस, आगरा क्लब होते हुए वापस स्टेडियम के सामने समापन हुआ। इसके बाद हॉकी ग्राउंड में हुई सभा में मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद एसएन मेडिकल कालेज की कैंसर रोग विशेषज्ञ और इनरव्हील क्लब की सदस्य डा. सुरभि गुप्ता ने कहा कि कैंसर डे पर ही नहीं, पूरे वर्ष जागरूकता अभियान चलते रहना चाहिए। उन्होंने कैंसर के कारणों और उससे बचने के उपायों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने महिला में कैंसर का कारण कम आयु (18 वर्ष से) और अधिक आयु (30 वर्ष से) विवाह को भी बताया। सलाह दी कि 30 वर्ष की आयु से पूर्व पहला बच्चा पैदा होना अच्छा होता है।
इनरव्हील क्लब की अध्यक्ष नीलू धाकरे ने कहा कि कैंसर के प्रति खुद जागरूक होने के साथ समाज में जागरूकता लाने की जरूरत है। विशिष्ट अतिथि रोटरी क्लब के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर शरत चंद्र, डा. मनोज जैन, डा. आरएस कपूर, डा. मुकेश गोयल ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के चेयरमैन और रोटरी क्लब के असिस्टेंट गवर्नर दिगंबर सिंह धाकरे ने धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन विनोद गुप्ता ने किया। डा. अरविंद यादव, डा. भूपेेंद्र प्रसाद, राकेश मेहरा, अरुण सिंह, दीनदयाल अग्रवाल, प्रमोद सक्सेना आदि मौजूद रहे। मिनी मैराथन में कमला अरुण इंटर कालेज, आल सेंट्स स्कूल, जेजेएस पब्लिक स्कूल, राज इंटर कालेज जखौदा, सेंट मार्क्स स्कूल के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
हरिओम, पूनम और गंगा प्रसाद अव्वल
मिनी मैराथन का आयोजन तीन वर्गों में हुआ। बालक वर्ग में हरिओम पहले, गोरेलाल दूसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में पूनम बघेल ने प्रथम और मनोरमा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बाल वर्ग में गंगा प्रसाद ने पहला और गोपाल मुद्गल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।