राष्ट्रपति की स्पेशल ट्रेन को लाने के लिए एक दिन पहले ही गार्डों को दिल्ली बुला लिया है। ड्यूटी के दौरान किन-किन बातों का खास ख्याल रखना है। इसके लिए उनको ट्रेंड किया जाएगा। गुरुवार को टूंडला हेडक्वार्टर के गार्ड अक्षय दीप चौहान एवं संजय जैन दिल्ली जाने के लिए रवाना हुए।
आगरा के स्टेशनों पर तैनात रहेगी फोर्स
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की ट्रेन प्रेसिडेंशियल स्पेशल एक्सप्रेस आगरा के बरहन, मितावली स्टेशनों से होकर टूंडला से कानपुर जाएगी। आगरा से पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ के जवानों की तैनाती रूट पर की गई है। एसएसपी मुनिराज जी ने भी गुरुवार को मुआयना किया।
राष्ट्रपति की प्रेसिडेंशियल स्पेशल एक्सप्रेस शुक्रवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से दोपहर 12:15 बजे कानपुर के लिए रवाना होगी। ऐसे में आगरा में पड़ने वाले बरहन जंक्शन और मितावली स्टेशनों पर गुरुवार को ही फोर्स पहुंच गया। यह ट्रेन यहां से टूंडला पहुंचेगी। इस दौरान रेलवे ट्रैक के दोनों ओर घुमंतू पशुओं की रोकथाम के लिए ट्रैक के दोनों ओर जीआरपी, आरपीएफ के साथ ही पुलिस भी तैनात रहेगी।
जीआरपी आगरा अनुभाग के पुलिस उपाधीक्षक हरीशचंद्र ने बताया कि राष्ट्रपति की ट्रेन गुजरने के कारण इन दोनों स्टेशनों पर किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ट्रैक के दोनों ओर जवान तैनात किए गए हैं। स्टेशन पर भी पुलिस व अतिरिक्त फोर्स लगाया गया है। गुरुवार को सुरक्षा की मॉकड्रिल भी की गई।