सुरक्षा अधिकारियों का वृंदावन में डेरा
राष्ट्रपति के 27 जून को वृंदावन आगमन से एक दिन पूर्व दिल्ली और लखनऊ के सुरक्षा अधिकारियों ने वृंदावन में डेरा डाल दिया है। सेना पुलिस से लेकर वायुसेना के अधिकारियों ने भी सुरक्षा की समीक्षा की। हेलीपैड से लेकर श्रीबांकेबिहारी मंदिर मार्ग पर रिहर्सल कर कमियों को दूर किया गया।
अधिकारी अधीनस्थों से पल-पल पर अपडेट लेते दिखे। देर रात तक अधिकारियों के दौरे होते रहे। खुफिया विभाग का भी राष्ट्रपति के ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर पहुंचने वाले मार्ग पर सुरक्षा घेरा कड़ा रहेगा। इस मार्ग को जोड़ने वाली सड़कों, गलियों को बैरिकेडिंग कीं जाएंगी। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती रहेगी और वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन का अलर्ट जारी है। जिन-जिन रास्तों से राष्ट्रपति गुजरेंगे, पुलिस उन इलाकों के दुकानदारों और मकान स्वामियों, गेस्ट हाउस आदि की जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस बांकेबिहारी मंदिर के सौ मीटर के दायरे में रहने वाले लोगों के घरों में जांच पड़ताल कर रही है।