आगरा में सदर के नैनाना जाट में माहौल खराब करने की साजिश रची गई। सोशल मीडिया पर मैसेज डाले गए। भाजपा से निलंबित नुपुर शर्मा की गिरफ्तारी के लिए सोमवार को एकजुट होकर जुलूस निकालने की तैयारी थी। इसकी भनक पुलिस को हो गई। पुलिस ने दस नामजद और दस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इलाके में ड्रोन कैमरे से नजर रखी जा रही है।
एडीजी जोन राजीव कृष्ण ने जिला, रेंज और जोन साइबर सेल को सक्रिय व सतर्क रहने के लिए कहा है। सोशल मीडिया पर भड़काऊ संदेश पोस्ट करने वालों पर नजर रखी जा रही है। थाना पुलिस के साथ एलआईयू भी लगी है। मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पीएसी भी लगाई गई है। रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि सदर के नैनाना जाट में लोगों को व्हाट्सएप मैसेज किए जा रहे हैं। समाज के लोगों को इकट्ठा होने की अपील की गई है। जुलूस निकाल कर जिला मुख्यालय जाकर नुपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग की जानी है। व्हाट्सएप पर डीपी भी लगाई गई है।
थाना सदर के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार दहिया ने बताया कि पुलिस ने जांच की। पता चला कि सपा नेता असलम और आम आदमी पार्टी के रमजानी माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। इस पर नैनाना जाट के संभ्रांत लोगों से बात की गई। उन्हें समझाया गया कि ऐसा कोई काम नहीं करें, जिससे कानून व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति बने। माहौल खराब करने की सोच रखने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
मुकदमा और गिरफ्तारी
पुलिस ने धारा 153ए (धर्म, जाति, जन्मस्थान, निवास के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देना) और धारा 144 (निषेधाज्ञा) के उल्लंघन की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। विवेचना हो रही है, इसमें आईटी एक्ट भी लग सकता है। मुकदमे में सपा नेता असलम, आम आदमी पार्टी के नेता अब्बास रमजानी, उनके बेटे गुलफाम, सत्तार, सलमान, अंसार अली, चिरागुद्दीन, आमीन, कलामुद्दीन और रजुआ को नामजद किया गया है। इनमें से सलमान, असलम, कलामुद्दीन, इब्राहिम, अंसार, गुलफाम और सत्तार को गिरफ्तार किया गया है। सदर में पुलिस तैनात कर दी गई है। इलाके में मिश्रित आबादी रहती है।
ड्रोन से रखी गई नजर
सोशल मीडिया पर सोमवार को मैसेज वायरल हुआ था। इसमें कहा गया कि नैनाना जाट में कई घरों पर पत्थर रख लिए गए हैं, जिससे बवाल होने पर पत्थर फेंक सकें। इस मैसेज की सत्यता का पता करने के लिए पुलिस ने सोमवार को ड्रोन से नजर रखी। दो घंटे तक इलाके में ड्रोन घुमाया गया। छतों को देखा गया। हालांकि किसी की छत पर पत्थर रखे हुए नहीं मिले।