यूपी बोर्ड की ओर से मूल्यांकन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। अंकों की सीधे ऑनलाइन फीडिंग की नई व्यवस्था भी शुरू की है, जिससे परिणाम जल्द घोषित होने की संभावना है।
यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन की जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार जिले में चार मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं, जहां सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में उत्तरपुस्तिकाओं की जांच होगी।
विज्ञापन
जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने बताया कि जिले में इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए पंचकुइयां स्थित राजकीय इंटर कॉलेज और आरबीएस इंटर कॉलेज को केंद्र बनाया गया है। वहीं हाईस्कूल की उत्तरपुस्तिकाओं की जांच के लिए मऊ रोड खंदारी स्थित नेशनल मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और ताजगंज स्थित नगर निगम इंटर कॉलेज को केंद्र बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि केंद्रों पर मूल्यांकन कार्य के दौरान निगरानी परीक्षा कंट्रोल रूम से की जाएगी। पूरा मूल्यांकन कार्य सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में किया जाएगा। डीआईओएस ने बताया कि इन सभी केंद्रों पर बुनियादी व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त कर इनकी रिपोर्ट बोर्ड कार्यालय को भेजी जा चुकी है। मूल्यांकन केंद्रों पर पेयजल, टॉयलेट, बैठने के लिए बड़ा हॉल, सीसीटीवी कैमरे, केंद्र पर आने जाने के सुगम रास्ते का भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट भेज दी गई है।
विज्ञापन
वहीं, बोर्ड ने अंकों की सीधे ऑनलाइन फीडिंग की नई व्यवस्था भी शुरू की है, जिससे परिणाम जल्द घोषित होने की संभावना है। परीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि हाईस्कूल में 700 से अधिक और इंटरमीडिएट में 600 से अधिक उत्तरपुस्तिकाएं नहीं जांचेंगे। एक दिन में 50 से अधिक उत्तरपुस्तिकाएं आवंटित नहीं की जाएंगी। कार्य अधूरा छोड़कर केंद्र से जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी होगा। मूल्यांकन के दौरान उत्तरपुस्तिकाएं में नकद रुपये मिलने पर उसे राजकोष में जमाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।