नटखट कान्हा लीलाओं से अपने भक्तों को लुभाने आ रहे हैं। आगरा के मंदिरों में भव्य रूप से सजाया जा रहा है। वहीं बाजारों में भी रौनक है। लोग कान्हा का जन्मोत्सव के लिए जमकर खरीददारी कर रहे हैं। दुकानों पर रंग-बिरंगी पोशाक, पालकियां और झूले हैं, जिनकी खूब बिक्री हो रही है।
केंद्रीय हिंदी संस्थान रोड स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में बाल गोपाल की विभिन्न झांकियों को सजाने की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। यहां भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी को अनुपम वस्त्रों और आभूषणों से सजाने की तैयारी शुरू हो चुकी है। इस मंदिर का मक्खन और मिसरी का प्रसाद लेने के लिए लोग दूर-दूर से आते हैं।
नेहरू नगर राधा-कृष्ण मंदिर में भी जनमाष्टमी की तैयारियां दिखाई देने लगी हैं। कान्हा भक्तों को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हो, इसके लिए बल्लियां लगानी शुरू कर दी गई हैं। मंदिर में झालरें लगनी भी शुरू हो गई हैं। शहजादी मंडी स्थित सनातन धर्म मंदिर में जन्माष्टमी को लेकर काफी उत्साह दिखाई दे रहा है। मंदिर को रंग बिरंगी रोशनी से सराबोर करने का काम चल रहा है।