बचाव ही बेहतर इलाज है। चिकित्सक मरीजों से यू हीं नहीं कहते। संक्रामक बीमारी स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देख इंडियन मेडिकल एसोसिएशन लोगों को जागरूक कर रही है। लोगों को हाथ मिलाने से परहेज बरतने और दूर से नमस्ते की सीख दे रहे हैं।
एसएन मेडिकल कालेज के आइसोलेशन वार्ड प्रभारी डा. प्रशांत प्रकाश बताते हैं कि कम से कम 5-6 फीट की दूरी से बात करें और हाथ मिलाने के बजाय दूर से ही अभिवादन करें तो ज्यादा बेहतर होगा। आईएमए अध्यक्ष डा. आरएस कपूर ने बताया कि हाथों के संपर्क में आने से स्वाइन फ्लू का खतरा अधिक रहता है।
उन्होंने सदस्यों से अपने क्लीनिक-हास्पिटल पर यह जानकारी चस्पा करने को कहा है। आईएमए कोषाध्यक्ष डा. आलोक मित्तल ने बताया कि मरीजों को हाथ मिलाने, अनावश्यक रूप से हास्पिटल में न जाने जैसी जानकारियों के साथ लोगों को जागरूक कर रहे हैं। सोशल मीडिया का भी सहारा ले रहे हैं।