सफाईकर्मी को प्रधान ने दी जातिसूचक गालियां
विरोध करने पर की पिटाई, गांव में नहीं आने की दी धमकी
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। थाना दन्नाहार क्षेत्र की ग्राम पंचायत गांगसी के प्रधान ने एक अनुसूचित जाति के सफाईकर्मी की लात घूंसों से पिटाई की। जातिसूचक गालियां देकर अपमानित करते हुए गांव में न आने की धमकी दे डाली। कहा कि दोबारा दिखा तो गोली मार दूंगा। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दन्नाहार थाना क्षेत्र के गांव नगला दौलत निवासी रमेश चंद्र वाल्मीकि सफाईकर्मी के पद पर तैनात है। 22 नवंबर को वह अपनी टीम के साथ नगला कुशल स्थित स्कूल में सफाई कार्य कर रहा था। तभी वहां गांगसी का प्रधान यतींद्र उर्फ संदीप यादव निवासी मझपुरा वहां आकर रमेश को जातिसूचक गालियां देने लगा। कहने लगा कि तुझे काम करना नहीं आता। जब विरोध किया तो प्रधान लात घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। साथी कर्मियों ने आकर रमेश को बचाया। प्रधान ने धमकी दी कि अगर दोबारा गांव में दिखाई दिया तो गोली मार दूंगा। सफाईकर्मी की ओर से एडीओ पंचायत और डीपीआरओ को दी गई। थानाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस जांच कर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई करेगी।