उच्चाधिकारियों के आदेश पर अब आगरा से दस एमवीए का नया ट्रांसफार्मर मंगाया गया है। ये ट्रांसफार्मर रात तक मैनपुरी पहुंचने की उम्मीद है। इसके बाद ट्रांसफार्मर बदलकर बृहस्पतिवार को सुबह तक इस ट्रांसफार्मर से आपूर्ति चालू कराई जा सकेगी।
रोस्टिंग कर की जा रही बिजली की आपूर्ति
पावर हाउस उपकेंद्र में लगा दस एमवीए का ट्रांसफार्मर खराब होने से बिजली संकट गहरा गया है। इस ट्रांसफार्मर से आपूर्ति वाले क्षेत्र में बिजली बनी रहे, इसके लिए रोस्टिंग कर बिजली की आपूर्ति की जा रही है। उपकेंद्र पर ही लगे दूसरे आठ एमवीए के ट्रांसफार्मर से बदल-बदल कर बिजली आपूर्ति की जा रही है।
पहले ब्रेकर में हुआ था फॉल्ट
बुधवार को ट्रांसफार्मर खराब होने से पहले 33 केवी लाइन के ब्रेकर में फॉल्ट हो गया था। इसके चलते आपूर्ति व्यवस्था बाधित हो गई थी। विद्युत निगम की टीम ने जब ब्रेकर सही करने के बाद आपूर्ति चालू कराई तो ट्रांसफार्मर खराब हो गया। इसके चलते समस्या बनी रही।
पावर हाउस उपकेंद्र के अवर अभियंता श्यामकिशोर बिंद ने बताया कि बुधवार को उपकेंद्र पर लगा दस एमवीए का ट्रांसफार्मर खराब हो गया है। नया ट्रांसफार्मर आगरा से मंगाया गया है। तब तक वैकल्पिक व्यवस्था कर आपूर्ति की जा रही है। उपभोक्ताओं को होने वाली असुविधा के लिए खेद है।