आगरा में करीब 1.70 लाख स्मार्ट मीटर और दो लाख सामान्य मीटर उपभोक्ताओं को बिल जारी किए जा चुके हैं, लेकिन 10 फीसदी से भी कम लोगों ने भुगतान किया है। इसके बाद अब बिजली विभाग की टीमें घर-घर जाकर उपभोक्ताओं से संपर्क कर बकाया बिल जमा कराने की अपील कर रही हैं।
दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डीवीवीएनएल) के आगरा जोन में बिजली बिलों के वितरण के बाद भी उपभोक्ता बकाया राशि जमा करने में रुचि नहीं दिखा रहे। करीब पौने दो लाख स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं में से 10 प्रतिशत ने भी बिल जमा नहीं कराया है। उपभोक्ताओं की इस सुस्ती को देखते हुए अब बिजली विभाग की टीमें घर-घर दस्तक देकर लोगों से बिल जमा करने के लिए सीधा संपर्क कर रही हैं।
आगरा जोन के मुख्य अभियंता कपिल सिंधवानी ने बताया कि विभाग की ओर से राजस्व वसूली और बिलिंग प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मौजूदा समय में जोन के करीब 1.70 लाख स्मार्ट मीटर धारक उपभोक्ताओं को एसएमएस के माध्यम से डिजिटल बिल भेजे जा चुके हैं, ताकि उन्हें समय पर अपनी उपभोग राशि की जानकारी मिल सके।
इसके साथ ही, जिन क्षेत्रों में अभी भी सामान्य मीटर लगे हुए हैं, वहां के करीब दो लाख उपभोक्ताओं को कर्मचारियों के माध्यम से फिजिकल यानी कागजी बिल मुहैया कराए गए हैं। मुख्य अभियंता ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में डिजिटल और फिजिकल बिलों का वितरण होने के बावजूद अभी तक बिल जमा कराने के लिए दस फीसदी से कम लोग ही आगे आए हैं। अब विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को मैदान में उतारा गया है। ये टीमें अब क्षेत्रवार तरीके से उन उपभोक्ताओं से सीधे संपर्क कर रही हैं जिन्हें बिल मिल चुके हैं और उन्हें बिना किसी देरी के जल्द से जल्द अपना बकाया बिल जमा कराने के लिए प्रेरित कर रही हैं।