बागों में गिरी आम की फसल
तेज आंधी के कारण बागों में पेड़ों से आम गिर गए। जिससे बागवानों को काफी नुकसान हुआ है। बाग के स्वामी शियोराज सिंह ने बताया कि आंधी की रफ्तार काफी तेज होने के कारण बाग में काफी क्षति हुई है। छह कुंतल आम बाग में गिर गया। बाग की रखवाली करने वाले गफ्फार ने बताया कि बाग में काफी नुकसान हुआ है। कच्ची फसल गिर गई।
खेतों में पड़ा भूसा उड़ा
इस समय गेहूं की निकासी के बाद कई किसानों का भूसा भुर्जी में भरने के लिए खुले में पड़ा है। तेज हवाओं से यह भूसा उड़ने लगा तो किसान भूसे को उड़ने से बचाने में जुटे नजर आए। किसान महिपाल ने बताया कि वह अपनी भुर्जी बांध रहे थे, लेकिन अचानक आंधी आने के कारण काफी भूसा उड़ गया। तिरपाल डालकर भूसे का बचाव किया गया।
एडीएम अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तेज आंधी के कारण काफी जगह विद्युत फॉल्ट हुए हैं। विद्युत पोल गिरे हैं। क्षति का आकलन कराया जा रहा है। काफी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति ठप हुई है। टीमें फॉल्ट सही करने में जुटी हैं। विद्युत विभाग से आख्या मांगी गई है। सभी तहसीलों से भी नुकसान की रिपोर्ट मांगी गई है।