आगरा में शनिवार को संजय प्लेस से कम प्रदूषण दयालबाग में रहा, जहां हरियाली ज्यादा है। संजय प्लेस में सुबह 9 से 11 बजे के बीच और शाम को 4 से 5 बजे के बीच सूक्ष्म और धूल के कण ज्यादा दर्ज किए गए। हवा में पीएम-2.5 और धूल कणों की समस्या अधिक है।
स्मार्ट सिटी के तहत लगाए पर्यावरण सेंसर इसी के आधार पर प्रदूषण का आकलन करते हैं। इन पर्यावरण सेंसर और उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से लगाए गए ऑटोमेटिक स्टेशनों से मिले आंकड़ों के मुताबिक शनिवार को शहर में दयालबाग, छावनी क्षेत्र, बिजलीघर के पास चीलघर पर हवा की गुणवत्ता बेहतर रही।
पर्यावरण दिवस पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने मनोहरपुर में भी ऑटोमेटिक स्टेशन की शुरुआत कर दी। यहां की हवा संजय प्लेस से बेहतर है। संजय प्लेस में एक्यूआई 102 दर्ज किया गया तो मनोहरपुर में एक्यूआई 96 निकला। संजय प्लेस में धूल कणों की मात्रा अधिक थी। अन्य प्रदूषण कारक तत्वों की मात्रा मानक से कम रही।