UP Nikay Chunav: आगरा में मतदान की तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। पोलिंग पार्टियां बूथ स्थल के लिए रवाना हो गई हैं। यहां 1515 पोलिंग बूथों को 41 जोन और 128 सेक्टर में बांटा गया है।
उत्तर प्रदेश के आगरा में निकाय चुनाव का खुमार जोरों पर है। अब कुछ घंटों बाद मतदान होना है। चुनाव प्रचार खत्म हो चुका है। बुधवार को पोलिंग पार्टियों की रवानगी हो गई है। बृहस्पतिवार को सुबह सात बजे से नगर निगम सहित 11 निकायों में मतदान शुरू हो जाएगा। पुलिस और प्रशासन की तैयारियां पूर्ण हो गई है। मतदान दिवस के लिए जिले को 41 जोन और 128 सेक्टर में बांटा गया है।
विज्ञापन
जिले में कुल 383 मतदान केंद्र हैं। 1515 पोलिंग बूथ। 16.49 लाख मतदाता हैं। शाहदरा स्थित मंडी समिति से सभी निकायों के लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी हुई। मतदान के बाद यहीं ईवीएम व मतपेटियां जमा होंगी। मंडी समिति में स्ट्रांग रूम बने हैं। 13 मई को मतगणना होगी।
मतदान समाप्ति तक बंद रहेंगी दुकानें
जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने बताया कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए पुलिस-प्रशासन तैयार है। बृहस्पतिवार को मतदान दिवस पर सार्वजनिक अवकाश रहेगा। जिले में शराब की सभी थोक व फुटकर दुकानें मतदान समाप्ति तक बंद रहेंगी।