आगरा के खंदारी क्षेत्र के सूर्यलोक कॉलोनी में पानी बांटने वाले टेंपो को पीछे से तेज गति से आर रही कार ने टक्कर मार दी। आरोप है कि इसके बाद नशे में धुत कार सवार युवकों ने टेंपो चालक की पिटाई लगाई। पीड़ित ने न्यू आगरा थाने में केस दर्ज कराया है।
विज्ञापन
खंदारी के मऊ निवासी हेमंत सिंह टेंपो से पानी बांटने का कार्य करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 15 अक्तूबर की रात करीब नौ बजे पानी की सप्लाई कर लौट रहे थे। पीछे से तेज रफ्तार कार आ रही थी। सूर्यलोक कॉलोनी में बृजवासी फैक्टरी के पास कार ने टेंपो में टक्कर मार दी।
आराम से चलाया करो, कहने पर कार सवार खलऊआ निवासी भूरा, गजाधर धाम कॉलोनी निवासी रंजीत, कृष्णा और धौलपुर की पुष्पांजलि कॉलोनी निवासी मानवेंद्र राणा ने पिटाई लगा दी। आरोप है कि सभी नशे में थे। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उनके साथ मौजूद दो अन्य युवकों की भी पिटाई की। एसीपी हरीपर्वत अक्षय संजय महाडिक ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है, जल्द ही आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।