अस्पताल में जांच करने पहुंची टीम।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आगरा में स्वास्थ्य विभाग ने ग्वालियर रोड पर जखाैदा रोहता में बिना लाइसेंस के चल रहे एसएस चाहर मेडिकल सेंटर में मेडिकल परीक्षण कराने पर रोक लगा दी है। यहां सेना और पुलिस की नौकरी के लिए आवेदन करने वाले कई राज्यों के युवा मेडिकल कराने के लिए मिले। मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस आयुक्त को जांच करने के लिए पत्र लिखा है। थाना मलपुरा में संचालक के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी है।
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि ग्वालियर रोड जखाैदा रोहता स्थित एसएस मेडिकल सेंटर की शिकायत मिली है कि यहां पर अवैध तरीके से मेडिकल परीक्षण किया जाता है। इस पर एक सितंबर को टीम भेजकर जांच कराई तो मौके पर संचालक एसएस चाहर और उनके पुत्र मिले। इनसे सेंटर का स्वास्थ्य विभाग का लाइसेंस मांगा तो ये दिखा नहीं पाए। सेंटर में सेना-पुलिस की नौकरी के लिए आवेदन करने वाले कई राज्यों और जिलों के युवाओं की भीड़ मिली। ये यहां मेडिकल कराने लिए आए हुए थे।
परीक्षण के नाम पर 200-1500 रुपये ले रहे थे। बोर्ड पर बोर्ड पर डॉ. सावेज खान, डॉ. मुदित गुप्ता समेत कई के नाम लिखे थे। इनके बारे में संचालक कोई सही जानकारी नहीं दे सके। सेंटर पर फिलहाल मेडिकल परीक्षण कराने पर रोक लगा दी है। थाना मलपुरा में संचालकों के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस आयुक्त को मामले की जांच करने के लिए भी पत्र लिखा है।
यू-ट्यूब एकाउंट पर भी दावा
सीएमओ ने बताया कि संचालकों ने यू-ट्यूब एकाउंट भी संचालित करते हैं। इसमें सेना-पुलिस के लिए आवेदन करने वाले युवाओं मेडिकल करने और इसमें कमी पाए जाने पर उचित इलाज (दवा और ऑपरेशन) से किए जाने का दावा भी किया जा रहा है। इसमें भारत का नंबर एक प्री मेडिकल क्लीनिक के तौर पर अवगत कराया जा रहा है।