यूपी के फिरोजाबाद जिले में पुलिस टीम पर हमले की दुस्साहसिक घटना सामने आई है। गांव में जांच के लिए पहुंचे पुलिसकर्मियों को घेरकर पथराव किया गया। हमले में दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
फिरोजाबाद के सिरसागंज में महिला की तहरीर पर बुधवार रात जांच के लिए गांव नगला खरी पहुंची पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। इस हमले में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए और सरकारी जीप क्षतिग्रस्त हो गई। सिरसागंज थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बृहस्पतिवार को चालान कर जेल भेज दिया।
विज्ञापन
बुधवार रात करीब 11 बजे नगला खरी निवासी अनिल शर्मा की पत्नी सुनीता ने पुलिस को तहरीर दी कि पति और ससुराल पक्ष के लोग पिता व भाई के साथ मारपीट कर रहे हैं। फायरिंग भी की गई है। शिकायत की जांच करने चौकी कठफोरी से पुलिस टीम अनिल के पास पहुंची। पूछताछ करने पर मौके पर मौजूद लोग विरोध करने लगे। माहौल बिगड़ता देखकर पुलिसकर्मियों ने चौकी प्रभारी को सूचना दी।
चौकी प्रभारी अतिरिक्त फोर्स के साथ गांव पहुंचे तो आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस टीम को घेरकर पथराव शुरू कर दिया। हमले में पुलिस की गाड़ी के शीशे टूट गए। कांस्टेबल संदीप और रियाज जख्मी हो गए। इन्हें रात में ही सिरसागंज सीएचसी में भर्ती कराया गया। पुलिस टीम पर हमले की खबर मिलते ही सिरसागंज थाना प्रभारी वैभव प्रताप सिंह भारी फोर्स के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने गांव में दबिश देकर मौके से दो आरोपियों रामवीर और विकास को दबोच लिया। इनके पास से कारतूस के दो खोखे भी बरामद हुए। पुलिस ने इस मामले में 8 नामजद और 10 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
विज्ञापन
सिरसागंज के सीओ अनिवेश सिंह ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस पर हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। घटना में कुछ महिलाएं भी शामिल थीं, जिनकी जांच की जा रही है। फरार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों का चालान कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।