आगरा खंदौली के नगला नीम स्थित बीएल एजुकेशन इंस्टीट्यूट से सिपाही भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र अभ्यर्थी से तीन लाख रुपये लेकर आउट किया गया था। इसमें कॉलेज का प्रबंधक भी शामिल रहा। एसटीएफ ने उस समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को सभी को जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में अरुण सारस्वत बीएल एजुकेशन इंस्टीट्यूट का प्रबंधक है। उसके पिता गिरिराज सारस्वत खंदौली में क्लीनिक चलाते हैं। अन्य आरोपियों में मोनू निवासी गांव कुरसंडा सादाबाद (हाथरस), चंद्रवीर सिंह निवासी गांव पड़ता नगला इगलास (अलीगढ़), राजू निवासी नगला हंसी, राजा का ताल (फिरोजाबाद), अजीत सादाबाद ( हाथरस), कुलदीप निवासी चंद्रा नगला, गैलाना रोड, आगरा हैं।
इनमें चंद्रवीर गुरुवार को परीक्षा दे रहा था। मोनू की परीक्षा केंद्र में ड्यूटी थी। शाम पांच बजे परीक्षा समाप्त होनी थी। चंद्रवीर शाम साढ़े चार बजे लघु शंका के बहाने पेपर लेकर कक्ष से बाहर आया। मोनू ने उससे पेपर लिया और फोटो खींचकर व्हाट्स एप से बाहर बैठे सॉल्वरों राजू, अजीत और कुलदीप को भेज दिया।
एसटीएफ पहले से ही सतर्क थी। पेपर आउट होते ही सॉल्वर पकड़ लिए गए। इसके अन्य तीनों आरोपी पकड़ लिए। इनके पास से 2.48 लाख रुपये कैश, छह मोबाइल, दो सनद, आईडी और एडमिट कार्ड की चार फोटो कॉपियां बरामद की गईं।