फैक्टरी में रखी मोबिल ऑयल के डिब्बे
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के नुनिहाई में मंगलवार को नकली मोबिल ऑयल बनाने की सूचना पर पुलिस और जिला पूर्ति विभाग की टीम ने फैक्टरी पर छापा मारा। पुलिस को मोबिल ऑयल के डिब्बे मिले। दो नाम से डिब्बों में मोबिल ऑयल की पैकिंग की गई थी। पुलिस का कहना है कि मोबिल ऑयल के नकली और असली होने के बारे में सही जानकारी नहीं मिली है। इस पर मोबिल ऑयल का सैंपल लिया गया है। इसकी जांच कराई जाएगी।
थाना एत्माद्दौला के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र शंकर पांडेय ने बताया कि नुनिहाई क्षेत्र में कमला नगर निवासी सुनील गुप्ता की फैक्टरी है। मंगलवार दोपहर तीन बजे पुलिस को सूचना मिली कि फैक्टरी में नकली मोबिल ऑयल तैयार किया जा रहा है। इस पर पुलिस और जिला पूर्ति विभाग के अधिकारी पहुंचे। फैक्टरी में दो नाम सुप्रीम गोल्ड और सुपर हॉर्स के नाम से मोबिल ऑयल की पैकिंग डिब्बों में हो रही थी।
जांच के लिए नमूने लिए
फैक्टरी में मोबिल ऑयल तैयार करने के उपकरण भी थे। मगर, मोबिल ऑयल बनता हुआ नहीं मिला। जिस नाम से पैकिंग थी, उस नाम से पंजीकरण के कागजात मालिक ने दिखाए हैं। मोबिल ऑयल को एक से पांच लीटर के डिब्बों में पैक किया जा रहा था। मोबिल ऑयल असली है या नकली, इसकी जांच कराई जा रही है। नमूने ले लिए गए हैं। इन्हें संबंधित प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। फिलहाल फैक्टरी पर सील लगाई जा रही है। जीएसटी पंजीकरण के बारे में भी पता किया जा रहा है।
पहले भी सामने आया है नकली मोबिल ऑयल का कारोबार
ताजनगरी में नकली मोबिल ऑयल का कारोबार पूर्व में पकड़ा जा चुका है। थाना एत्माद्दौला, खंदौली, ताजगंज, छत्ता में नकली मोबिल ऑयल की फैक्टरी पकड़ी गई थीं। पुलिस ने तकरीबन 50 से अधिक के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए थे। छत्ता के जीन खाना के आरोपी जगह-जगह फैक्टरी खोलकर नकली मोबिल ऑयल तैयार कर रहे थे।