सड़क हादसे में मृत सिपाही की फाइल तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद के थाना टूंडला में तैनात सिपाही की सोमवार रात को सड़क हादसे में मौत हो गई। सिपाही टूंडला क्षेत्र से ड्यूटी समाप्त कर बाइक से आगरा लौट रहा था। रास्ते में किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह बुरी तरह जख्मी हो गया। सिपाही को देहली गेट स्थित पुष्पांजलि हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सक और कर्मचारियों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाना हरीपर्वत में तहरीर दी।
अलीगढ़ के थाना गोंडा के गांव सुबकरा निवासी प्रेम सिंह (46) एत्मादपुर में परिवार सहित रहते थे। परिजनों ने बताया कि वो सोमवार रात को 9:30 बजे ड्यूटी से वापस घर आ रहे थे। एत्मादपुर में हाईवे पर अज्ञात वाहन ने इनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सिपाही गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें टूंडला स्थित एफएच मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें रात तकरीबन 11:30 बजे देहली गेट स्थित पुष्पांजलि हॉस्पिटल में भर्ती कराया। हादसे की जानकारी पर परिवार वाले आ गए।
भाई ने कहा, ढाई घंटे तक इलाज में नहीं दिखाई गंभीरता
भाई लाल सिंह ने आरोप लगाया कि चिकित्सक ने उनसे फाइल बनाने के लिए कहा। जब वो काउंटर पर गए तो फाइल रख ली गई। 23 हजार रुपये जमा कराने की बात कही। उन्होंने आधा घंटे में पैसा जमा करने और इलाज शुरू करने की बात कही। इस कारण इलाज उचित तरीके से शुरू नहीं किया गया। रुपये जमा करने पर भी इलाज में गंभीरता नहीं दिखाई। ढाई घंटे तक भाई का खून बहता रहा। रात ढाई बजे उनकी मृत्यु हो गई।