मैनपुरी। चेकिंग के दौरान शुक्रवार देर रात सिंधिया तिराहा पर युवकों ने पुलिस टीम के साथ अभद्रता करते हुए हाथापाई कर दी। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सरकारी कार्य में बाधा व पुलिस पर हमला करने संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा।
मंडी गेट चौकी प्रभारी सोनवीर सिंह टीम के साथ सिंधिया तिराहा के पास चेकिंग कर रहे थे। तभी आगरा रोड की ओर से दो बाइकों पर चार लोगों को रुकने का इशारा किया। बाइक पर सवार चारों युवक शराब के नशे में धुत थे। पुलिसकर्मियों द्वारा रोके जाने पर वह अभद्रता करने लगे। सख्ती करने पर पुलिस कर्मियों से हाथापाई करने लगे।
पुलिस पर हमले की सूचना मिलने के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। हमला करने वाले चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान पकड़े गए हमलावरों ने अपने नाम शानू पुत्र अखिलेश चौहान निवासी गांव भटानी दन्नाहार, परुज तोमर पुत्र पूरन सिंह नगला हृदय लाइन पार थाना टूंडला फिरोजाबाद, धर्मेंद्र सिंह पुत्र विजय बहादुर और अमित चौहान पुत्र सुरेश चौहान निवासी भटानी बताया। पकड़े गए हमलावरों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस पर हमला, जान से मारने की धमकी सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई। शनिवार को उन्हें जेल भेज दिया गया।