आगरा में आत्म समर्पण की सूचना पर पुलिस दीवानी के गेट बंद करके गैंगस्टर की राह देखती रही। फिर भी उसके हाथ खाली रह गए। वह समर्पण के लिए आया ही नहीं। इसके बाद पुलिस ने उस पर इनामी राशि बढ़ाकर 50 हजार कर दी।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
उत्तर प्रदेश के आगरा में हाईवे पर दो डकैती व लूटपाट करने के आरोपी गैंगस्टर आलोक यादव के दीवानी में समर्पण करने की सूचना पर पुलिस ने शनिवार को घेराबंदी की। दीवानी न्यायालय के दो प्रवेश द्वार बंद करके सुबह सात बजे से चेकिंग शुरू कर दी। अधिवक्ताओं के वाहनों को भी चेक किया गया। दो दर्जन पुलिसकर्मी सादा वर्दी में तैनात किए, लेकिन आलोक दीवानी नहीं पहुंचा। दूसरी ओर पुलिस आयुक्त ने आलोक पर इनामी राशि 25 हजार से बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी है।
विज्ञापन
डकैती औैर लूट की वारदात कर भागे आलोक यादव की तलाश में पुलिस की टीमें लगी हैं। लगातार दबिश से परेशान होकर आलोक, शोभित और निमेष चौहान के आत्मसमर्पण करने की खबर पुलिस के पास पहुंची। इस पर दीवानी न्यायालय में सुबह ही पुलिस फोर्स पहुंच गया। आरोपियों की ओर से कोर्ट में प्रार्थना-पत्र दिया गया था।
सुबह सात बजे एसीपी ताज सुरक्षा सैयद अरीब अहमद फोर्स के साथ दीवानी पहुंचे। पहले पूरी दीवानी की तलाशी कराई गई। देखा गया कोई पहले से छिपा तो नहीं है। उसके बाद गेट नंबर दो व तीन पूरी तरह बंद करा दिए। एक दर्जन पुलिसकर्मी सादा कपड़ों में दीवानी में कोर्ट के आसपास तैनात हो गए। दीवानी खुलते ही अधिवक्ता और वादकारी आने लगे।
गेट नंबर एक व चार पर सघन चेकिंग चल रही थी। घूंघट और बुर्का पहनकर आने वाली महिलाओं से महिला पुलिसकर्मी बात कर रही थीं। पुलिस की चेकिंग और सख्ती से अधिवक्ताओं ने नाराजगी भी जताई। वादकारी भी परेशान हुए। शाम करीब साढ़े चार बजे तक पुलिस दीवानी में सक्रिय रही मगर तीनों में कोई आरोपी समर्पण करने नहीं पहुंचा।