आगरा जिले के थाना बरहन क्षेत्र के आंवलखेड़ा में आगरा जलेसर रोड पर स्थित ढाबा के संचालक से चौकी प्रभारी की मारपीट का वीडियो वायरल हुआ है। इसमें ढाबा संचालक की लात घूंसों से पिटाई होती दिख रही है। आरोप है कि सुविधा शुल्क नहीं देने पर पिटाई के बाद ढाबा संचालक को रातभर हवालात में रखा गया। गुरुवार की सुबह शांतिभंग में चालान कर दिया।
पीड़ित राम बरन सिंह ने बताया कि आवलखेड़ा के गढ़ी मद्दे में उनका आकाश ढाबा 10 वर्ष से संचालित है। उन्होंने पुलिस पर महीनेदारी नहीं देने पर मारपीट का आरोप लगाया है। उनकी मानें तो चौकी इंचार्ज आंवलखेड़ा महीपाल सिंह ने उनसे पांच हजार रुपये देने को कहा था। असमर्थता जताने पर चौकी प्रभारी मंगलवार की रात दो लोगों के साथ ढाबे पर पहुंचे और उनकी लात घूंसों से पिटाई कर दी।
बुधवार को उन्हें पकड़कर हवालात में बंद कर दिया। इसके बाद शांतिभंग में चालान कर दिया। ढाबा पर लगे सीसीटीवी कैमरे में मारपीट की घटना कैद हो गई है। इसका वीडियो भी वायरल हुआ है। मामले में क्षेत्राधिकारी एत्मादपुर अर्चना सिंह ने बताया कि वायरल हुए वीडियो की जानकारी हुई है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
चौकी इंचार्ज आंवलखेड़ा महीपाल सिंह का कहना है कि ढाबे पर शराब पिलाने की थाने से सूचना मिलने पर वह गए थे। ढाबे पर चार लोग शराब पीते मिले थे। ढाबा संचालक सहित चार लोगों को पकड़ कर शांति भंग में चालान किया गया था। जो लोग ढाबे पर शराब पीते और पिलाते हैं, वे पुलिस पर नाजायज दबाव बना रहे हैं।