बेवर। थाना क्षेत्र के एक भट्ठा से 10 नवंबर को गायब हुए एक बालक को पुलिस ने बृहस्पतिवार को 50 दिन बाद ढूंढ निकाला। बृहस्पतिवार को जब बच्चे को परिजनों को सौंपा गया तो उनके चेहरे पर मुस्कान आ गई। परिजनों ने पुलिसकर्मियों को धन्यवाद दिया।
थाना क्षेत्र के गांव नेकामऊ स्थित टीएस भट्ठा एक दो वर्षीय बालक सोनू मांझी 10 नवंबर को लापता हो गया था। उसकी तलाश करने के बाद भी जब कोई पता नहीं लगा तो परिजनों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र शर्मा ने बताया कि भोगांव क्षेत्र स्थित एक भट्ठा पर बालक के मौजूद होने की जानकारी मिली। मौके पर गए तो बालक मिल गया। उसे थाने लेकर आए और माता-पिता को सूचना दी गई। बच्चे को पिता मिथलेश व मां रेखा के सुपुर्द किया गया है। वहीं बच्चे को सकुशल पाकर माता पिता के चेहरे पर मुस्कान आ गई। परिजनों ने बेवर पुलिस का धन्यवाद दिया।