शातिर: नई थी कार, मिटा दिया था आगे का नंबर
तिरंगा अपार्टमेंट में हत्या और लूट करने आए महिला और तीन युवकों ने पूरी तैयारी कर रखी थी। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि कार नई थी। इस पर अस्थायी नंबर लिखा था। मगर, नंबर मिटा दिया था। नंबर प्लेट पर यूपी ही लिखा हुआ था। अब पुलिस मॉडल के आधार कार के बारे में पता कर रही है। पुलिस ने पूर्व में वाटरवर्क्स पर व्यापारी की हत्या के मामले में फरार आरोपी को फुटेज में दिखी कार की मदद से ढूंढ निकाला था।
पुलिस की जांच के बिंदु
1. हत्यारोपी व्यापारी को पहले से जानते थे। व्यापारी ने भी उन्हें फ्लैट में आने की अनुमति दे दी थी। पुलिस यह पता कर रही है कि व्यापारी की हत्या करने वाले परिचित और रिश्तेदार हैं या कोई और।
2. हत्यारोपी किस रास्ते से आए और किस रास्ते से गए, पुलिस की चेकिंग में क्यों नहीं पकड़े जा सके, उन्होंने कार से नंबर भी मिटा दिया था, अगर, शहर से बाहर गए तो किसी टोल टैक्स के फुटेज में भी आए होंगे, किसी तरह की एंट्री भी कराई होगी।
3. कार से आने वाला एक आरोपी किशन गोपाल से मिलने पहले भी आया था। घटना वाले दिन कॉल भी किया था। हो सकता है कि यह कॉल किशन गोपाल को किया हो। उनके मोबाइल में आई होगी। मोबाइल नंबर किसका है, पुलिस कॉल डिटेल खंगाल रही है।
4. व्यापारी की पत्नी और बेटे की मौत पहले ही हो गई थी। वह अकेले ही रहते थे। उनसे मिलने कौन-कौन आता था, उनका सबसे ज्यादा करीबी कौन था।
5. परिजनों ने बताया है कि किशन गोपाल लोगों को रकम भी उधार देते थे, किन लोग उनसे रकम लेते थे, इसके बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है।
संबंधित खबर- आगरा व्यापारी हत्याकांड: फूफा बताकर अपार्टमेंट में आए महिला सहित तीन लोग, सुबह मिली लाश